भिलाईनगर, 16 मई। नगर निगम भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों में जलप्रदाय के वक्त टूल्लूपंप से कई लोगों द्वारा पानी खींच लिया जाता है। जिसके कारण अंतिम छोर तक पानी पहुंचने में दिक्कत होती है। जल प्रदाय के समय विद्युत अवरोध होने पर टूल्लू पंप काम नहीं करेंगे और अंतिम छोर तक पानी पहुंचने लगेगा। बता दें कि कई दिनों से टूल्लू पंप का उपयोग कर पानी खींचने वालों को समझाइश देकर अपील की जा रही थी। इन प्रयासों के बाद निगम क्षेत्र के सभी घरों में पानी पहुंचाने के लिए अंतिम विकल्प के रूप में विद्युत अवरोध करने कलेक्टर को अवगत कराते हुए, विद्युत विभाग को पत्र जारी करने अनुरोध किया गया। विद्युत विभाग ने भिलाई निगम क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह एक घंटे विद्युत अवरुद्ध करने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। भिलाई निगम क्षेत्र में सुबह 6.30 बजे से 7.30 बजे तक विद्युत प्रवाह बंद रहेगा। इससे सभी इलाको में सामान रूप से जल प्रदाय हो सकेगा।
