दुर्ग न्यूज, 29 मई। कंपनी में पार्टनर बनाने तथा रकम दोगुना करने का झांसा देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर एक करोड़ 5 लाख रुपए की ठगी का आरोप है।
पुलिस के अनुसार एडवांस इंटरनेशनल कंपनी में पार्टनर बनाकर रकम दोगुना करने का झांसा देकर 1 करोड़ 5 लाख रुपए की ठगी हुई है। आरोपी रायपुर बीरगांव निवासी 35 वर्षीय यशवंत सिन्हा को धारा 420 के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि डोंगरगांव निवासी कुशालचंद टावरी ने खुद के साथ धोखाधड़ी होने की शिकायत की। प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत में बताया कि रायपुर निवासी यशवंत सिन्हा ने अपनी कंपनी एडवांस इंटरनेशनल में पार्टनर बनाने के नाम पर रकम दोगुना करने का झांसा देकर उनसे 1 करोड़ 5 लाख रुपए की ठगी की है। प्रार्थी ने बताया कि कंपनी की पूरी जानकारी शेयर की और कुछ ही समय में रकम दोगुना हो जाने का लालच दिया। आरोपी यशवंत सिन्हा की बातों में आकर कुशालचंद ने उसे जनवरी 2022 में कंपनी की स्थापना के लिए 1 करोड़ 5 लाख रुपए अलग-अलग तारीखों पर दिए। इसके बाद आरोपी ने लगातार अलग-अलग स्कीमों का झांसा देकर प्रार्थी से नगद और अकाउंट के जरिए पैसे लिए। प्रार्थी को खुद के साथ हुई ठगी का एहसास होने पर मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शातिर ठग यशवंत सिन्हा आकर्षक और लुभावने विज्ञापन के जरिए व्यापारियों को ठगी का शिकार बनाता है पहले लुभावने विज्ञापनों के जरिए व्यापारियों को आधुनिक सामानों से रूबरू कराता है और फिर अपनी संपत्ति और अलग-अलग स्थानों पर व्यापार करने की जानकारी देता है। आरोपी देश के अलग-अलग स्थानों पर अपना दफ्तर होना भी बताता है।
राजनांदगांव पुलिस की अपील है कि छत्तीसगढ़ के व्यापारी ऐसे शातिर ठगों से सावधान रहें बिना जांचे किसी स्कीम में निवेश नहीं करें।
