
दुर्ग न्यूज डेस्क, 7 जुलाई। ओडिशा के बालासोर में पिछले महीने हुए ट्रिपल ट्रेन हादसे में सीबीआई ने आज तीन रेल कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सीनियर सेक्शन इंजीनियर अरुण कुमार मोहंता, सेक्शन इंजीनियर मोहम्मद आमिर खान और टेक्नीशियन पप्पू कुमार शामिल हैं। तीनों पर गैर इरादतन हत्या और सबूत मिटाने का आरोप है।
आपको बता दें कि इस हादसे में 293 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 1 हजार से ज्यादा लोग घायल हुए थे। सूत्रों का कहना है कि इन तीनों की लापरवाही के कारण ही हादसा हुआ। दावा है कि तीनों आरोपी जानते थे कि उनकी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है। दुर्घटना की जांच कर रहे रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने पिछले सप्ताह हादसे के लिए सिग्नलिंग विभाग के कर्मचारियों की मानवीय भूल को जिम्मेदार ठहराया था।
बालासोर रेल हादसे की CRS की जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि इस दुर्घटना के लिए सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग में कई स्तरों पर खामियां जिम्मेदार थीं। सिग्नल सर्किट डायग्राम में गड़बड़ी नहीं हुई होती तो 293 यात्रियों की जान नहीं जाती। भविष्य में इस वजह से दुर्घटना न हो, इसके लिए सीआरएस ने 14 बिंदुओं पर अपनी सिफारिश पेश की है।

