मासूम बेटे के साथ ट्रेन के सामने कूद गई मां, 6 साल के बच्चे की मौत, गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में भर्ती

Share this

दुर्ग न्यूज डेस्क, 12 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला अंतर्गत तोरवा थाना क्षेत्र में एक महिला अपने मासूम बेटे को लेकर सुसाइड करने ट्रेन के सामने कूद गई। इस घटना में छह साल के बच्चे की मौत हो गई है वहीं महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

बताया जा रहा है कि महिला के दूसरी शादी करने के बाद से उसका पहला पति बच्चे को साथ ले गया था। तीन माह पहले ही महिला अपने छह साल के बेटे को लेकर आई थी, जिसके बाद उसके दूसरे पति के साथ विवाद होने लगा था। बच्चे से मिलने के बहाने उसका पहला पति भी घर आने लगा था। माना जा रहा है कि इसी विवाद के चलते महिला अपने बच्चे के साथ आत्मघाती कदम उठाने रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई होगी।

 

मिली जानकारी के अनुसार सकरी थाना क्षेत्र के घुरू-अमेरी में रहने वाली निशा मधुकर (26 वर्ष) तिफरा में कपड़े की दुकान चलाती थी। महिला अपने पहले पति को छोड़ दी थी फिर बाद में उसने दूसरी शादी कर ली। वह दूसरे पति के साथ ही रहती थी। महिला का छह साल का बेटा देवांश पहले पति हरनारायण मधुकर के साथ रहता था। तीन माह पहले ही वह बेटे को साथ लेकर आई थी। कल दोपहर वह बेटे को लेकर लालखदान ओवरब्रिज की तरफ गई थी। इस दौरान दोनों काफी देर तक रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहे थे और बिलासपुर रेलवे स्टेशन से गतौरा की ओर मालगाड़ी के सामने अचानक महिला बच्चे को लेकर कूद गई, जिसके बाद बच्चा ट्रेन के सामने आ गया जबकि महिला टकराकर दूर छिटक गई। ट्रेन की स्पीड तेज थी। हादसे में मासूम ट्रेन की चपेट में आ गया और महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। लोको पायलट ने गाड़ी रोक कर जीआरपी को सूचना दी जिसके बाद तोरवा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

READ MORE  ट्रेन पर पथराव करने वालों की अब खैर नहीं, डायरेक्ट होगी कार्रवाई

तोरवा थाना टीआई सुनील तिर्की ने बताया कि महिला के सुसाइड की कोशिश करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दो दिन पहले बच्चे का पिता हरनारायण मिलने आया था। इसी दौरान उसके पहले पति से विवाद होने की बात सामने आई है। महिला के होश में आने के बाद ही उसका बयान होगा और घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

Share this