
भिलाई नगर, 12 जुलाई। शहर के शासकीय एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगे हुए अवैध होर्डिंग/पोस्टर को हटाने के लिए भिलाई निगम ने अभियान छेड़ दिया है। इसके लिए जोन क्षेत्र के सहायक राजस्व अधिकारी अपने टीम के साथ शहर का निरीक्षण करते हुए अवैध पोस्टर व होर्डिंग को हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं। मुख्य रूप से विद्युत पोल एवं डिवाइडर तथा सड़कों के किनारे लगे हुए अवैध पोस्टर/होर्डिंग को प्राथमिकता के तौर पर हटाया जा रहा है। इन्हें लगाने वालों से सम्पर्क कर कड़ी हिदायत भी दी जा रही है। कलेक्टर पुष्पेन्द्र मीणा के निर्देश के बाद आयुक्त रोहित व्यास ने तत्परता दिखाते हुए निगम के राजस्व विभाग को इस पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। प्रत्येक जोन के राजस्व विभाग अपने क्षेत्र में अवैध पोस्टर/होर्डिग हटाने अभियान चला रहे हैं। जिसके चलते आज शहर से अवैध पोस्टर/होर्डिग हटने लगे हैं, अवैध तरीके से लगाये पोस्टर एवं होर्डिंग से एक्सीडेंट की आशंका बढ़ जाती है, आवागमन में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन सभी कारणों से अवैध होर्डिग/पोस्टर पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है तथा जुर्माना भी वसूल किया जा रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में कंडम व काफी समय से रखे हुए कबाड़ वाहनो को हटाने निगम ने यातायात विभाग के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया था। ऐसे वाहन रखने वाले मालिकों को भी हिदायत दी जा रही है। ओम शांति ओम चौक से भगवा चौक तथा बोगदा नंदनी रोड तक एवं भगवा चौक से कुरूद होते हुए अवंती बाई चौक तक संपत्ति विरूपण की कार्रवाई करते हुए 250 नग बैनर पोस्टर एवं होर्डिंग हटाए गए।

