
दुर्ग न्यूज, 27 जुलाई। श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर से लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते दुर्ग पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से 8 वाहन बरामद किए हैं। इस मामले में एक नाबालिग सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीएसपी दुर्ग राजीव शर्मा ने बताया कि एन्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट दुर्ग एवं थाना सुपेला की संयुक्त कार्यवाही में यह सफलता मिली है। जिले में लगातार घटित हो रही मोटर सायकल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी शलभ सिन्हा द्वारा माल-गुलजिम की शीघ्र पतासाजी कर माल बरामदगी करने निर्देश पर एसीसीयू एवं थाना सुपेला की एक संयुक्त टीम गठित कर टीम कार्यवाही हेतु लगाया गया। श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर की पार्किंग से लगातार वाहन चोरी की घटना हो रही थी जिसकी रोकथाम हेतु टीम द्वारा संदेहियों पर निगाह रखी जा रही थी। आदतन अपराधियों व जेल से रिहा हुये अपराधियों से पूछताछ कर पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे। घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीव्ही कैमरों का फूटेज का अवलोकन किया गया, विशेष सूत्र भी लगाये गये। इसी दौरान पता चला की धमधा क्षेत्र का निवासी योगेश यादव व शैलेन्द्र प्रजापति कम कीमत पर वाहन बेचने के लिये ग्राहक की तलाश कर रहे हैं, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया और सघन पूछताछ करने पर उन्होंने श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर की पार्किंग के आस-पास जो वाहन पार्क किये जाते थे, उन्हें ही चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 8 वाहन बरामद कर जब्त किया और अग्रिम कार्यवाही थाना सुपेला एवं चौकी स्मृति नगर से की जा रही है। आरोपी योगेश यादव पिता प्रहलाद यादव (19 वर्ष) निवासी बिरनापुर थाना धमधा दुर्ग, शैलेन्द्र प्रजापति पिता बृजलाल प्रजापति (23 वर्ष) निवासी बिरनापुर थाना धमधा दुर्ग और एक नाबालिग बालक हैं।

