सट्टा किंग बनना चाहता था महादेव ऐप का मास्टरमाइंड, 90 गरीबों के खातों में जमा कराए 2000 करोड़

Share this

रायपुर/प्रतापगढ। राजस्थान में प्रतापगढ़ जिले की पुलिस ने सट्टेबाजी के लिए कुख्यात महादेव ऐप के संचालक मृगांक मिश्रा को मुंबई एयरपोर्ट से अरेस्ट किया है। इस जालसाज ने सरकारी योजनाओं में लाभ का लालच देकर गरीबों के बैंक में खाते खुलवाए थे और 90 लोगों के खाते में सट्टेबाजी की 2000 करोड़ की रकम ट्रांजेक्ट कराई थी। इन खातों में अचानक से रुपयों की बारिश होने पर बैंक कर्मियों को शक हुआ तो जांच कराई गई। मामले का खुलासा होने के बाद मृगांक मिश्रा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। प्रतापगढ़ एसपी अमित कुमार बुडानिया के मुताबिक मृगांक मिश्रा दुबई में बैठकर सट्टा ऑपरेट करता था। वह मुख्य रूप से क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा चलता था। मूल रूप से रतलाम मध्य प्रदेश के रहने वाले मृगांक ने अब तक करोड़ों रुपये का हेरफेर किया है। फिलहाल उसे 21 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसपी ने बताया कि इस जालसाज की तलाश कई राज्यों की पुलिस कर रही थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि हाल ही में कई नामी गिरामी लोगों के नाम भी इस ऐप से जुड़े होने की वजह से सामने आए हैं। इनमें कुछ फिल्मी हस्तियां भी हैं। प्रतापगढ़ एसपी के मुताबिक जालसाज मृगांक मिश्रा और उसके साथियों ने सट्टे की रकम को ठिकाने लगाने के लिए प्रताप गढ़ में भोले भाले लोगों को शिकार बनाया। उन्हें लालच देकर बैंकों में खाते खुलवाए और फिर इन्हीं खातों में ठगी की रकम का लेन-देन हुआ। उन्होंने बताया कि मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए इन बैंक खातों को सीज कराया, लेकिन तब तक पूरी रकम निकल चुकी थी। फिलहाल इन खातों में करीब 4 करोड़ रुपए की रकम मौजूद है, जिसे होल्ड करा दिया है। मृगांक से पहले चार और सटोरियों को इसी मामले में पकड़ा जा चुका है। इस संबंध में ईडी को भी सूचना देते हुए लुक आउट नोटिस जारी किया गया था। इसी क्रम में सूचना मिलने पर उसे दुबई से भारत आते समय मुंबई एयरपोर्ट पर ही दबोच लिया गया।

Share this
READ MORE  ओमान में फंसी भिलाई की दीपिका आज रात दिल्ली के लिए भरेगी उड़ान, पति मुकेश ने विधानसभा पहुंच विधायक रिकेश का माना आभार