CM भूपेश ने कहा BJP= भांजा/भांजी जनता पार्टी, राजनांदगांव से मामा, खैरागढ़ से भांजा और पंडरिया से भांजी चुनाव मैदान में

Share this

दुर्ग न्यूज़, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, BJP= भांजा/भांजी जनता पार्टी है। राजनांदगांव से मामा, खैरागढ़ से भांजा और पंडरिया से भांजी चुनाव मैदान में हैं। छत्तीसगढ़ में तो भाजपा चुनाव ही नहीं लड़ रही है। चुनाव तो “भ्रष्टाचार के अंतरराष्ट्रीय पितामह”, उनका परिवार और उनकी गैंग लड़ रही है। भूपेश ने कहा कि “भांजा-भांजी जनता पार्टी” के पास प्रदेश की जनता से कहने को कुछ बचा नहीं है। उन्होंने कहा, आज फिर से कह देता हूं कि कितनी भी ताकत लगा लेना, “अडानी” को छत्तीसगढ़ नहीं लूटने देंगे। दरअसल, भाजपा ने पंडिरया से भावना बोहरा को टिकट दिया है, जिसके बाद भूपेश बघेल ने यह तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया X पर भी अपना वीडियो शेयर किया है।

बता दें कि कांग्रेस पर भाजपा हमेशा परिवारवाद को लेकर हमला करती है। भाजपा ने पंडरिया से भावना बोहरा को टिकट दिया है। इसके बाद रायपुर में सीएम भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा, भाजपा मतलब भांजा-भांजी जनता पार्टी…। भाजपा ने राजनांदगांव से डॉ. रमन सिंह, खैरागढ़ से विक्रांत सिंह और पंडरिया से भावना बोहरा को प्रत्याशी बनाया है। विक्रांत और भावना बोहरा रिश्ते में डॉ. रमन सिंह के भांजा और भांजी हैं।

‘केवल उल्टा लटकाने की बात’
भूपेश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में वे पहले ही घोषणा कर चुके हैं 20 क्विंटल धान खरीदेंगे। साढ़े 17 लाख परिवारों को आवास देंगे। साढ़े सात लाख लोगों के खातों में पैसा पहुंच गया है। 10 लाख लोगों को और देंगे प्रियंका गांधी ने घोषणा की है। जाति जनगणना कराएंगे। भारतीय जनता पार्टी अभी तक उल्टा लटकाने में लगी हैं। राजनांदगांव में अमित शाह ने किसानों, युवाओं के लिए कोई बात नहीं कही, सिर्फ उलटा लटकाने की बात कहकर गए हैं।

‘छत्तीसगढ़ की खदानों पर अडानी की गिद्ध निगाह’
सीएम भूपेश ने कहा कि उनके और अडानी के बीच में कांग्रेस की सरकार खड़ी है। उनको कुछ नहीं सूझ रहा है। भारतीय जनता पार्टी मौन है, क्योंकि उन्हें पता है सत्ता में आएंगे नहीं। पंडरिया के टिकट घोषणा पर भूपेश ने कहा कि बगल में मामा-भांजा लड़ रहे हैं। अब भांजी का भी नंबर है। मैं तो पहले ही कह रहा हूं, यहां भाजपा नहीं बल्कि रमन सिंह लड़ रहे हैं। यहां रमन सिंह की चल रही है। रमन सिंह के पीछे अमन सिंह हैं और अमन सिंह अडानी के साथ हैं। अडानी की गिद्ध निगाह छत्तीसगढ़ की खदानों पर है। रमन सिंह लुटा रहे थे अडानी को छत्तीसगढ़ की सभी खदानें…।

READ MORE  आयरन परिवहन करने वाले भारी वाहनों के लिए ये मार्ग प्रतिबंधित डीएसपी ट्रैफिक, परिवहन विभाग एवं दल्लीराजहरा से आयरन ट्रांसपोर्टर की हुई बैठक 
Share this