
दुर्ग न्यूज़, 29 नवंबर। भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र के दुर्ग-धमधा मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि कल रात हाईवा और स्विफ्ट कार की आमने-सामने टक्कर होने से तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार कार सवार एक पुरुष और दो महिलाओं की इस सड़क हादसे से जान गई है। सूचना पर जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और सभी मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आपको बता दें कि इस सड़क दुघर्टना में स्मृति नगर भिलाई निवासी 67 वर्षीय पी वेंकट रत्नम, उनकी पत्नी 60 वर्षीय शांति और शांति की बुजुर्ग माता की मौत हुई है। तीनों के शव को भिलाई के सुपेला अस्पताल के मर्च्युरी में रखा गया। एक्सीडेंट बाद हाईवा टिप्पर को जामुल पुलिस ने जब्त कर लिया है जबकि हाईवा चालक फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग के जामुल थाना इलाके में ट्रिप टेलर जबलपुर से भिलाई की ओर आ रहा था जबकि कार सवार बेरला से भिलाई लौट रहे थे तभी पावर हाउस की तरफ से कार गुजरने के दौरान टेलर ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और तीन लोगों को अस्पताल लेकर गई। अस्पताल पहुंचते तक जख्मी तीनों की मौत हो चुकी थी।

छावनी सीएसपी आशीष बंछोर के अनुसार स्विफ्ट डिजायर कार सीजी 07 एएस 4731 भिलाई की ओर आ रही थी। इस दौरान खेदामारा व जामुल के बीच ग्राम ढौर के पास दस चक्का हाइवा वाहन ने कार को ठोकर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो महिला एवं एक पुरूष को गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी राहगीरों ने जामुल पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कार से बाहर निकाला। इसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई थी वहीं एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई कि कार चंडी भाठा बेरला की ओर से आ रही थी वहीं हाइवा चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए कार को ठोकर मार दी।
