
दुर्ग न्यूज़, 28 दिसंबर। भिलाई टाउनशिप न्यू सिविक सेंटर स्थित मिराज सिनेमा पर फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। बीते माह सिनेमा हाल और फिटनेस सेंटर को सील कर दिया गया था। अब साइड की दुकानों को भी सील कर दिया गया है। इस बार 40 बाई 210 वर्ग फीट एरिया को सील किया गया है।

बीएसपी द्वारा पूर्व में 110 बाई 210 वर्ग फीट एरिया को सील किया गया था। पुलिस और जिला प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से यह बड़ी कार्रवाई की गयी है।
बता दें कि बीएसपी स्टेट कोर्ट द्वारा डिक्री पारित होने के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र नगर सेवाएं ने 4 फरवरी 2023 को मिराज सिनेमा के चारों सिनेमा हॉल व फिटनेस जिम को सील किया था। इसके बाद शेष एरिया पर आज कार्रवाई हुई है।

बीएसपी द्वारा मिराज सिनेमा को सील करने का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी मिराज सिनेमा संचालक को स्टे नहीं दिया। बीएसपी की कार्रवाई को सही ठहराते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्टे देने से इंकार कर दिया था।
सवा 8 लाख किराया
मिराज सिनेमा के संचालकों पर 6 करोड़ 92 लाख बकाया है। 8 लाख 24 हजार रुपए हर माह किराया है, जिसे मिराज सिनेमा संचालकों द्वारा जमा नहीं किया जा रहा था। इसी को आधार बनाकर भिलाई स्टील प्लांट के इंफोर्समेंट डिपार्टमेंट ने 4 फरवरी को मिराज सिनेमा के साथ फिटनेस सेंटर आदि को भी सील कर दिया था, बचे हुए हिस्से पर गुरुवार को कार्रवाई की गई।
