
दुर्ग न्यूज़, 09 फरवरी। रोजगार की तलाश में ओमान देश पहुंच कुकिंग कार्य करने गई दुर्ग जिला अंतर्गत भिलाई खुर्सीपार निवासी 29 वर्षीय जोगी दीपिका आज अलसुबह लगभग 4 बजे दिल्ली पहुंच गई है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने दिल्ली से रायपुर के लिए दीपिका की जिस फ्लाइट की टिकट बुक की थी वह 11:55 की थी जो कि दीपिका से मिस हो गई है। अब इंडिगो उन्हें मध्यांह 3:20 की फ्लाइट से रायपुर भेज रही है।

आपको बता दें कि फ्लाइट मिस होने के बाद दीपिका ने विधायक रिकेश सेन से चर्चा की तो श्री सेन ने दिल्ली एयरपोर्ट बात कर अगली फ्लाइट से दीपिका को भेजने कहा है।
गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई विधानसभा अंतर्गत खुर्सीपार क्षेत्र से कुकिंग के काम को लेकर मस्कट ओमान गई 29 वर्षीय जोगी दीपिका वहां बंधक थी। विधायक रिकेश सेन ने इस मामले में तत्काल पहल करते हुए प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा से चर्चा कर केंद्रीय विदेश मंत्रालय से मस्कट इंडियन एंबेसी तक दीपिका को सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी कर लाया गया। कल रात को 10 बजे मस्कट विमान से सुबह दीपिका दिल्ली पहुंची जहां से रायपुर के लिए फ्लाइट मिस होने के बाद वह अब मध्यांह 3:20 की फ्लाइट से रायपुर पहुंचेगी। दीपिका और मुकेश की 4 साल की बच्ची वैष्णवी और 6 साल का बेटा समर, जो कि पिता के साथ ही भिलाई में हैं, वो भी काफी खुश हैं। मुकेश ने बताया कि विधायक रिकेश सेन ने उनसे कहा कि दीपिका के काम की व्यवस्था वो भिलाई में ही कर देंगे, पूरा परिवार एक साथ रहो।

