लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान जारी, राजनाथ सिंह, राहुल, स्मृति ईरानी मैदान में

Share this

दुर्ग न्यूज़ (नई दिल्ली), 20 मई। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान चल रहा है। पांचवें चरण में 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 49 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इसके साथ ही ओडिशा विधानसभा की 35 विधानसभा सीटों के लिए भी एक साथ मतदान हो रहा है।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

 

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

पांचवें चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी समेत कई महत्वपूर्ण नेता व केंद्रीय मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं।

 

राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से उम्मीदवार हैं। राहुल गांधी इस बार रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। स्मृति ईरानी अमेठी से मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस के केएल शर्मा हैं। वहीं मुंबई से पीयूष गोयल चुनाव लड़ रहे हैं।

 

5वें चरण में जिन 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान हो रहा है उनमें बिहार, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इस चरण में मुंबई, ठाणे, लखनऊ जैसे नगरों में मतदान हो रहा है।

 

मतदान प्रातः 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे समाप्त होगा। पांचवें चरण में 8.95 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 4.69 करोड़ पुरुष, 4.26 करोड़ महिला और 5409 तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) मतदाता हैं। लगभग 9.47 लाख अधिकारी, 94,732 मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं।

 

5वें चरण के लिए 85 वर्ष से अधिक आयु के 7.81 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। 100 वर्ष से अधिक आयु के 24,792 मतदाता और 7.03 लाख दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) मतदाता हैं। इन्हें अपने घर से ही मतदान करने का विकल्प प्रदान किया गया है।

READ MORE  RBI ने बैंक ऑफ़ बड़ौदा समेत तीन बैकों पर लगाया 10 करोड़ का जुर्माना

 

चुनाव आयोग के मुताबिक गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर पेयजल, छायायुक्त स्थान (शेड), शौचालय, रैंप, स्वयंसेवक, व्हीलचेयर और बिजली जैसी सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध हैं।

 

आयोग ने मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर आने तथा जिम्मेदारी और गर्व के साथ मतदान करने का आह्वान किया है। लोकसभा चुनाव 2024 के शुरुआती चार चरणों में अब तक लगभग 66.95 प्रतिशत मतदान हो चुका है। चल रहे आम चुनावों के पहले चार चरणों के दौरान लगभग 45 करोड़ 10 लाख व्यक्ति मतदान कर चुके हैं।

 

बचे हुए इन 3 चरणों का मतदान 1 जून तक चलेगा और वोटों की गिनती 4 जून, 2024 को होगी। आम चुनाव के पहले चार चरणों में 23 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों और 379 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है।

Share this