बांग्लादेश में बिगड़े हालात, प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफा देकर छोड़ा मुल्क 

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

ढाका। बांग्लादेश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच भड़की हिंसा अब उग्र हो चुकी है। इस बीच बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़कर निकलने की खबरे हैं। उन्होंने अपने पद से भी इस्तीफा दे दिया है। बांग्लादेश के उच्चायोग के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि वह आज ही भारत पहुंच सकती हैं।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

हजारों लोग प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास में घुस गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच बांग्लादेश के कानून मंत्री अनीसुल हक ने कहा कि स्थिति काफी गंभीर हो गई है। ढाका में प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के संस्थापक और शेख हसीना के पिता शेख मुजीब-उर-रहमान की मूर्ति के साथ तोड़फोड़ कर दी।

बांग्लादेश में हाल ही में पुलिस और छात्र प्रदर्शनकारियों के बीच हिसंक झड़पें हुईं हैं। दरअसल, प्रदर्शनकारी छात्र विवादित आरक्षण प्रणाली को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। इसके तहत बांग्लादेश के लिए वर्ष 1971 में आजादी की लड़ाई लड़ने वाले स्वतंत्रता संग्रामियों के परिवारों के लिए 30 प्रतिशत सरकारी नौकरियां आरक्षित की गईं हैं।

बांग्लादेश के सेना प्रमुख वकर-उज-जमान ने कहा कि उन्होंने सेना और पुलिस दोनों से कोई गोली नहीं चलाने को कहा है। वहीं भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक (कार्यवाहक) दलजीत सिंह चौधरी और वरिष्ठ अधिकारी भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा की समीक्षा के लिए कोलकाता पहुंच गए हैं। जानकारी के मुताबिक बीएसएफ ने पड़ोसी देश में हिंसक घटनाक्रम के मद्देनजर भारत-बांग्लादेश सीमा के 4,096 किलोमीटर क्षेत्र में सभी इकाइयों को ‘हाई अलर्ट’ जारी किया है।

READ MORE  CGPSC-2023 का अंतिम परिणाम घोषित, 242 बनेंगे अधिकारी

इस पूरे घटनाक्रम पर बांग्लादेश की सेना ने कहा कि हिंसा से देश को नुकसान हुआ है। हालांकि, सेना देश के हालात को पूरी तरह संभाल लेगी। सेना ने देश में अंतरिम सरकार के गठन के साथ शांति स्थापित करने की भी बात कही। प्रदर्शनकारियों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील भी की गई।

Share this