राशन कार्ड का प्रापर्टी टैक्स के साथ संलग्नीकरण अनुचित: महापौर बाकलीवाल

Share this

 

आयुक्त को पत्र लिखकर व्यवस्था सुधारने दिये निर्देश

दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने राशन कार्ड को प्रापर्टी टैक्स के साथ संलग्नीकरण के निर्णय को अनुचित बताते हुए निगम आयुक्त सुमीत अग्रवाल को पत्र लिखा है। इसके अतिरिक्त निविदाओं में हो रही अनियमितताओंं, निगम मुख्यालय में उच्चाधिकारियों की बिना सूचना अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिये हैं।
बाकलीवाल ने कहा है कि राशन कार्ड बनाने व नवीनीकरण के लिए प्रापर्टी टैक्स की रसीद की अनिवार्यता से शहर की जनता को भारी परेशानी हो रही है। बहुत से ऐसे लोग है जिन्हें प्रापर्टी टैक्स भरने के बाद भी राशन कार्ड बनाने व राशन कार्ड के नवीनीकरण के नाम पर भटकना पड़ रहा है। श्री बाकलीवाल ने इसे तुगलकी फरमान बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने के लिए कहा है। महापौर ने कहा है कि अति आवश्यक मूलभूत सुविधाओं जैसे पेंशन, पानी, स्ट्रीट लाइट सड़क एवं गड्ढो के भराव व रिपेयरिंग के कार्य में भी भारी ढिलाई बरती जा रही है जिसके कारण आये दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही है और जान माल का नुक़सान हो रहा है। श्री बाकलीवाल ने निविदाओं में हो रही अनियमितताओं का भी पत्र में जिक्र किया है और कहा है कि इससे निगम की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और जनमानस में नगर निगम की छवि भी धूमिल हो रही है। उन्होने कहा है निविदा की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुरूप नहीं की जा रही है। इसमें निष्पक्षता और पारदर्शिता का पालन किया जाना आवश्यक है। श्री बाकलीवाल ने इसकी जांच कर व्यवस्था में सुधार करने के लिए कहा है।
महापौर श्री बाकलीवाल ने पत्र में कहा है कि निगम मुख्यालय में कार्यालयीन अवधि में विभिन्न कार्यालयों में उच्चाधिकारीगण बिना सूचना के अनुपस्थित रहते हैं और अपने व्यक्तिगत कार्यो में लगे रहते हैं। ऐसी स्थिति लंबे समय से बनी हुई है और बार बार शिकायतों के बावजूद व्यवस्था मेंं सुधार नही हो रहा है। यही नहीं अधिकारीगण आम जनता व जनप्रतिनिधियों के भी फोन नही उठाते जिसके कारण जन-प्रतिनिधियों को अपने वार्ड की मूलभूत समस्याएं साफ सफाई, सड़क, बिजली,पानी के निराकरण में भी कठिनाई हो रही है। श्री बाकलीवाल ने पत्र में उल्लेखित सभी विषयों पर तत्काल निराकरण कर इसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराने कहा है।

READ MORE  छत्तीसगढ़ में नौतपा: राजनांदगांव में 45.5°C, रायपुर समेत कई जिलों में हीटवेव का कहर
Share this