मासूम से अनाचार और हत्या: दुर्ग के वकीलों ने आरोपी की पैरवी से किया इंकार, यादव समाज ने किया कलेक्टोरेट का घेराव

Share this

दुर्ग। दुर्ग में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म और निर्मम हत्या के मामले में जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आरोपी सोमेश यादव के खिलाफ अधिवक्ता संघ ने बड़ा फैसला लेते हुए उसके केस की पैरवी से इनकार कर दिया। वहीं यादव समाज सहित हजारों लोगों ने कलेक्टोरेट का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।

दुर्ग अधिवक्ता संघ ने एकमत होकर आरोपी को किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता न देने की शपथ ली है। यह निर्णय अधिवक्ताओं की नैतिक जिम्मेदारी और समाज के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। प्रदर्शन के दौरान आरोपी को फांसी की सज़ा देने और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग जोरशोर से उठी। मोहन नगर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए गए और उनके खिलाफ भी प्रदर्शन हुआ।

इस विरोध प्रदर्शन में दुष्कर्म पीड़िता की मां और परिजन सहित बड़ी संख्या में सामाजिक लोग शामिल हुए। लोग हाथों में तख्तियां लेकर न्याय की मांग कर रहे थे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील कर रहे थे। इस दर्दनाक घटना ने सभी वर्ग के लोगों को झकझोर कर रख दिया है, और अब जनता केवल न्याय की मांग कर रही है।

Share this
READ MORE  कमिश्नर कावरे ने धान खरीदी केंद्र में पायी गड़बड़ी, प्रभारी निलंबित