


भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन में गैलरी नंबर 38 सोमवार की दोपहर में अचानक गिर गई। अधिकारियों के निर्देश पर आनन-फानन में गिरी हुई गैलरी के आसपास सुरक्षा बल को तैनात कर दिया गया। ताकि घटनास्थल के पास कोई न जाए। गैलरी में या इसके नीचे कर्मचारी होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। राहत की बात रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी अनुसार भिलाई स्टील प्लांट के कोकओवन में कोल हैंडलिंग प्लांट से कोल टावर नंबर 3 को कोल की आपूर्ति की जाती है। यहीं से सभी बैटरियों में कोल चार्जिंग की जाती है। गैलरी के ढह जाने से कुछ बैटरियों का कोल चार्जिंग कार्य प्रभावित होगा। प्रबंधन का प्रयास है कि इस दिक्कत को जल्द दूर कर लिया जाए। ऐसा माना जा रहा है कि रखरखाव की ओर ध्यान नहीं देने की वजह से यह हादसा हुआ है। गैलरी का बचा हुआ हिस्सा भी जमीन पर गिर सकता है। इसलिए एहतियात बरता जा रहा है।

