गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री ने किया गौपूजन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना

Share this

रायपुर। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर की गौशाला में गौमाता की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गौमाता को खिचड़ी खिलाकर पारंपरिक गोसेवा की परंपरा निभाई और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण और गौवंश के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “जब हम गाय, अन्न और धरती को नमन करते हैं, तब हम अपनी संस्कृति की जड़ों और समृद्धि के स्रोतों को स्पर्श करते हैं।”

पूजा के पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रसाद वितरण के दौरान गौशाला में सेवा कर रहे गौसेवकों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने गौसेवा के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की और सभी से गौवंश की रक्षा एवं संरक्षण के लिए आगे आने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति की आधारशिला है। यह न केवल ग्रामीण जीवन का केंद्र है, बल्कि हमारी अर्थव्यवस्था और आस्था दोनों का आधार भी है। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ की मिट्टी में गोसेवा और प्रकृति पूजन की भावना गहराई से रची-बसी है। राज्य सरकार इसी परंपरा को सशक्त करने के लिए गोसेवा को ग्रामीण विकास की धुरी बना रही है।”

इस दौरान वातावरण में मंत्रोच्चारण, दीपों की रौशनी और भक्ति भाव से हर किसी के मन में श्रद्धा उमड़ पड़ा।

Share this
READ MORE  मुंबई में भारी बारिश, 5 घंटे में 200 मिमी, 4 लोगों की मौत, स्कूल-कॉलेज बंद और ट्रेन-फ्लाइट डायवर्ट