

दुर्ग। नगर निगम भिलाई द्वारा ग्राम कचांदुर में समोदा नाला के समीप निर्माणाधीन 150 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं नगर निगम दुर्ग में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से उपचारित जल के पुनः उपयोग के संबंध में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक हुई। कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नगर निगम दुर्ग के आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित सिंचाई विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक क्षेत्र विकास निगम, पर्यावरण संरक्षण मंडल, जिला उद्योग केंद्र, शासकीय मेडिकल कॉलेज कचांदुर और नगर निगम भिलाई के अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्ययोजना पर जल के पुनः उपयोग के संबंध में रायशुमारी की।
अधिकारियों ने बताया कि उक्त प्लांट नवंबर 2027 तक बन कर तैयार हो जाएगा। एसटीपी के पानी का पुनः उपयोग एसीसी सीमेंट जामुल, छावनी औद्योगिक क्षेत्र के समस्त उद्योग, सिंचाई, रेल्वे सर्विस यार्ड व मेडिकल कॉलेज कचांदुर और आईटीआई भिलाई में गार्डनिंग, वाहन सफाई आदि के उपयोग में लाया जा सकेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित संस्थानों से अधिकारियों को पानी की आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा करने के निर्देश दिए हैं।

