LPG गैस में 1.5 करोड़ का घोटाला, अभनपुर के ठाकुर पेट्रोकेमिकल पर केस—एक गिरफ्तार, बाकी फरार

Share this

 

महासमुंद/सरायपाली। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में जब्त किए गए LPG गैस से भरे 6 कैप्सूल ट्रकों के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सुपुर्द की गई गैस में करीब 1.5 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में अभनपुर स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल प्राइवेट लिमिटेड के मालिक, डायरेक्टर, मैनेजर सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में पुलिस ने 6 LPG कैप्सूल ट्रकों को जब्त किया था। गर्मी और सुरक्षा के मद्देनज़र इन्हें सुरक्षित रखने के लिए 30 मार्च 2026 को प्रशासन के निर्देश पर ठाकुर पेट्रोकेमिकल को सुपुर्द किया गया। आरोप है कि सुपुर्दगी के बाद इन कैप्सूल्स में भरी गैस को योजनाबद्ध तरीके से प्लांट में खाली कर निजी टैंकरों में ट्रांसफर किया गया और बाद में रायपुर की विभिन्न पार्टियों को बिना बिल के बेच दिया गया।

जांच में सामने आया है कि कंपनी ने अप्रैल माह में केवल 47 टन गैस खरीदी, जबकि रिकॉर्ड में 107 टन गैस की बिक्री दिखाई गई है। इससे करीब 60 टन गैस के अवैध रूप से बेचे जाने की पुष्टि होती है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि बिना बिल के लेन-देन के रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।

विशेषज्ञ जांच में सभी कैप्सूल लीकेज फ्री पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट हुआ कि गैस का गायब होना प्राकृतिक नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से किया गया। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और आईटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

READ MORE  वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र सिंह केम्बो का निधन

पुलिस ने आरोपी निखिल वैष्णव (41 वर्ष, अभनपुर) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।

Share this