घरेलू गैस व कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ दुर्ग में कांग्रेस का हल्लाबोल

Share this

 

दुर्ग। लगातार बढ़ रही महंगाई और विशेष रूप से गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई भारी वृद्धि के खिलाफ रविवार को दुर्ग में कांग्रेसजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर और भिलाई नगर के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस व्यापक प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।

कमर्शियल और घरेलू गैस महंगी

दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि महंगाई ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में कुल 1,303 रुपये (1 मार्च, 1 अप्रैल और 1 मई को मिलाकर) और घरेलू गैस सिलेंडर में 61 रुपये की भारी वृद्धि हुई है। इससे होटल संचालकों, ठेला-खोमचा और छोटे व्यवसायियों का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने केंद्र सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। नेताओं ने मांग की कि सरकार तत्काल बढ़ी हुई कीमतों को वापस ले। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें संजय कोहले, दीपक दुबे, रिवेंद्र यादव, कमलेश साहू और लोचन यादव सहित कई प्रमुख नेता शामिल थे, जिन्होंने केंद्र सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने की पुरजोर मांग की।

READ MORE  12 हजार रिश्वत लेते पटवारी को ACB ने रंगे हाथों पकड़ा
Share this