मुख्यमंत्री के सामने प्रशासन पर बरसे डॉ. रमन सिंह: बेमेतरा में व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर-एसपी को लगाई फटकार

Share this

 

० मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में मंच से जताई नाराजगी, बोले— ‘15 साल मुख्यमंत्री रहा, ऐसा आयोजन कभी नहीं देखा’

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का एक वीडियो रविवार शाम से चर्चा का विषय बना हुआ है। बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह के दौरान उन्होंने मंच से ही जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा के बेसिक ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे, जबकि डॉ. रमन सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रमन सिंह आयोजन की व्यवस्थाओं और प्रोटोकॉल को लेकर असंतुष्ट नजर आए। उन्होंने मंच से ही कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम की व्यवस्था मुख्यमंत्री और मंत्रियों की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रशासन को पहले ही आवश्यक व्यवस्थाओं और प्रोटोकॉल के संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित स्तर की तैयारी दिखाई नहीं दी। उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि वे 15 वर्षों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन इस तरह की स्थिति का सामना उन्हें कभी नहीं करना पड़ा।

कार्यक्रम के दौरान उनकी नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पूर्व मुख्यमंत्री का कड़ा रुख और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष साफ दिखाई दे रहा है।

READ MORE  CG में अगले 5 दिनों के लिए बारिश का अलर्ट, उमस से मिल सकती है राहत

हालांकि कार्यक्रम निर्धारित रूप से संपन्न हुआ और सामूहिक विवाह समारोह में बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों ने विवाह बंधन में प्रवेश किया। घटना के बाद प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं वायरल वीडियो को लेकर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Share this