खरीदी केंद्र में भीषण आग, सैकड़ों बोरा धान जलकर राख; कलेक्टर ने लिया मौके का जायजा

Share this

 

दुर्ग। जिले के कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते धान के बड़े भंडार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सैकड़ों बोरा धान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि धान संग्रहण केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

300 क्विंटल धान के नुकसान का अनुमान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 300 बोरा धान जलकर नष्ट हो गया। अधिकारियों का अनुमान है कि इस घटना में लगभग 300 क्विंटल धान का नुकसान हुआ है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

ग्रामीणों का कहना है कि आसपास खेतों में पैरा जलाया गया था, जिसकी चिंगारी धान खरीदी केंद्र तक पहुंचने की आशंका है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

कलेक्टर पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह स्वयं कोड़िया पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नुकसान का आंकलन करने और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

5 टैंकर पानी से बुझी आग

अग्निशमन विभाग के अधिकारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग की तीव्रता काफी अधिक थी, जिसके चलते उसे नियंत्रित करने में कई घंटे लग गए। करीब पांच गाड़ी पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

READ MORE  शंकराचार्य काॅलेज से आईआईटी तक पहुंच मार्ग का होगा चौड़ीकरण
Share this