जंगल में छिपाकर रखे हथियार और IED, CRPF ने 14 नक्सल डंप किए बरामद; 7 रायफल समेत 99 तरह की सामग्री जब्त

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। CRPF की 199वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाकर 14 नक्सल डंप बरामद किए हैं। इन डंप से 7 रायफल, 10 IED, 8 डेटोनेटर समेत कुल 99 प्रकार की सामग्री बरामद की गई है।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

पांच गांवों के जंगल में चला सर्च ऑपरेशन

ग्राम एड़ी, हर्री, नयापारा, सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा गांवों के आसपास के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की निगरानी में जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन किया।

बी-199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवान इस अभियान में शामिल रहे। बी-199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका और एफ-199 कंपनी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

7 रायफल और 10 IED बरामद

तलाशी के दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखे ग‌ए हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली। बरामद सामान में—

1 थ्री-नॉट-थ्री बोल्ट एक्शन रायफल

5 भरमार रायफल

1 देसी 12 बोर रायफल

8 डेटोनेटर

10 IED

कोडेक्स वायर

बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट

4 प्लास्टिक कंटेनर

3 बड़े स्टील कंटेनर

के अलावा IED निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री, इलेक्ट्रिक उपकरण और नक्सली वर्दी समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं शामिल हैं।

सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की थी तैयारी ?

सुरक्षा बलों के मुताबिक, बरामद सामग्री जंगल में छिपाकर रखी गई थी। आशंका है कि इसका इस्तेमाल भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जाना था। अभियान के दौरान जवानों ने विशेष सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी और चरणबद्ध तलाशी ली।

READ MORE  सूरजपुर हत्याकांड के आरोपी कुलदीप साहू को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पूछताछ शुरू 

नक्सल प्रभावित इलाके में लगातार अभियान

एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास का इलाका पहले नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। CRPF की 199वीं वाहिनी की ओर से लगातार चलाए जा रहे आसूचना आधारित अभियानों से क्षेत्र में नक्सली प्रभाव कम होने और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने का दावा किया गया है।

CRPF ने कहा- नक्सलमुक्त क्षेत्र तक जारी रहेगा अभियान

199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आगे भी आसूचना आधारित अभियानों को प्रभावी तरीके से जारी रखा जाएगा और क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Share this