गांजा तस्करों का पुलिस ने किया 30 KM तक पीछा, थाना प्रभारी को कार से कुचलने की कोशिश

Share this

० कचरे में फेंक गए दो करोड़ कीमती 400 किलो गांजा

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए ऐसा दुस्साहस दिखाया कि केशकाल थाना प्रभारी को कार से कुचलने की कोशिश की। केशकाल से कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में तस्करों का पीछा किया। इस दौरान कार की चपेट में आने से थाना प्रभारी रितेश मिश्रा के पैर के अंगूठे में गंभीर चोट आई। तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

 

जानकारी के अनुसार, ओडिशा से गांजे की खेप लेकर आ रही फॉर्च्यूनर कार के साथ एक टाटा नेक्सान वाहन भी चल रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, तभी नेक्सॉन कार के चालक ने थाना प्रभारी को टक्कर मारते हुए भागने की कोशिश की। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तस्कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।

 

कचरे के ढेर में छिपा दी करोड़ों की खेप

 

पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट इलाके में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद वाहन लेकर अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए। घटना के बाद केशकाल पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी भी ली, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिलने पर उसे जाने दिया गया।

 

इधर, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों ने कचरे के ढेर में संदिग्ध बोरियां पड़े होने की सूचना कांकेर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरियों की तलाशी ली तो उनमें गांजा भरा मिला। पुलिस ने कुल 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

READ MORE  वांगचुक ने खत्म किया अनशन, कहा-‘सरकार ने हमारी तीन मांगें लिखित में मानीं’ वीडियो संदेश जारी किया

 

एक्सप्रेस-वे निर्माण के चलते बदला तस्करी का रास्ता

पुलिस को आशंका है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण तस्कर अब ओडिशा से छत्तीसगढ़ आने के लिए केशकाल-कांकेर के पुराने मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन रास्तों को तस्करी के नए कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

 

गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले ही केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार दूसरे दिन गांजे की इतनी बड़ी खेप मिलने से पुलिस भी सतर्क हो गई है। कांकेर एसपी निखिल राखेचा के मुताबिक, तस्करी में इस्तेमाल वाहनों और आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।

Share this