बडा़ हादसा – सुबह सुबह पिकअप पलटने से 22 महिलाएं घायल, 8 गंभीर

Share this

दुर्ग न्यूज, 4 मार्च। छत्तीसगढ़ के दुर्ग संभाग अंतर्गत बालोद जिले में आज सुबह महिला मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई है। हादसे में 22 महिलाएं घायल हैं, इनमें से 8 की हालत गंभीर है। सभी महिलाएं खेत में काम करने के लिए जा रही थीं। घटना बालोद जिला के लोहारा थाना क्षेत्र की है।
लोहारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भेड़ी से नाहंदा खेत में काम करने के लिए 22 महिलाएं पिकअप में सवार होकर निकली थीं और वाहन तेज रफ्तार में होने से ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर संबलपुर-खैरोडीह के बीच हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से महिलाओं को पिकअप से बाहर निकाला गया। लोहारा और देवरी थाना पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के दो आपातकालीन सेवा वाहन मौके पर पहुंचे। हादसे में सभी 22 महिलाएं घायल हुई हैं, जिनमें से 8 की हालत गंभीर है। पुलिस ने सभी घायलों को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीर रूप से घायल 8 महिलाओं को राजनांदगांव रेफर कर दिया गया है। इनमें से कुछ महिलाएं भेड़ी की रहने वाली हैं और कुछ आसपास के गावों की हैं।
हादसे में कई महिलाओं के हाथ और सिर पर गंभीर चोट आई है, एक महिला की कटी हुई उंगली घटनास्थल पर पड़ी है। पुलिस ने बताया कि महिलाओं को पीछे खुली गाड़ी बैठाया गया था। तेज रफ्तार होने के कारण हादसा हुआ। पिकअप को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। घायल महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल आरोपी पिकअप ड्राइवर फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
घटना में घायल महिलाओं में से कुछ को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कुछ को डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं 8 घायलों को इलाज के लिए राजनांदगांव भेजा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि कई महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। स्थिति देखकर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया जाएगा। आपातकालीन वाहन के साथ-साथ पुलिस के वाहन में भी महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया है।

Share this
READ MORE  अवैध बोर खनन, मौके पर पहुंच एसडीएम ने की कार्रवाई, विधायक वोरा के आने से बढ़ी गहमा गहमी