

भिलाई नगर, 2 अप्रैल। नगर निगम भिलाई के साधारण सम्मिलन बजट 31 मार्च को पेश किया गया। साधारण सम्मिलन की कार्यवाही पूर्ण होने के बाद पौष्टिक आहार से युक्त मिलेट्स का महापौर नीरज पाल, निगम आयुक्त रोहित व्यास, सभापति गिरवर बंटी साहू, महापौर परिषद के सदस्य तथा मीडिया के लोगों ने आनंद लिया। मिलेट्स के भोजन में 9 प्रकार के व्यंजन शामिल थे। व्यंजन में कोकोनट मिक्स चटनी, रागी फ्राई इडली, रागी उत्तपम, कोदो बिरयानी, बाजरा गुड और मक्खन की रोटी, फॉक्सटेल खिचड़ी, देसी गाय के दूध से बनी कढ़ी तथा कुटकी से बनी खीर को शामिल किया गया था। यह व्यंजन काफी स्वादिष्ट और पौष्टिक हैं। गौरतलब है छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा मिलेट्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी तारतम्य में भिलाई निगम के साधारण सम्मिलन में पहली बार मिलेट्स को भोजन के रूप में शामिल किया गया। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की नोडल अधिकारी प्रीति सिंह ने मिलेट्स भोजन की तैयारी कराई थी। भोजन के रूप में इसे परोसा गया, जिसका पहली बार सभी ने लुफ्त उठाया। भिलाई में भी शीघ्र ही मिलेट्स कैफे खोलने की तैयारी की जा रही है, ताकि आम लोगों को भी इसका फायदा मिल सके।

