
भिलाई नगर, 3 अप्रैल। जेल से छूटने के बाद रामनवमी पर निकले जुलूस के बीच भीड़ से दूसरे की खड़ी प्लेजर स्कूटर उड़ा कर भागा आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। आरोपी के कब्जे से चोरी हुआ प्लेजर वाहन सीजी 07 एलआर 6332 जब्त कर लिया गया है।
गौरतलब हो कि विष्णु साहू (52 वर्ष) निवासी ग्राम भरर ने 30 मार्च राम नवमी पर्व में जवारा विसर्जन देखने के लिये ग्राम करेला में दोपहर 1 बजे गया हुआ था। यहां अपनी प्लेजर गाड़ी ससुराल घर के सामने रोड किनारे खड़ा कर जवारा विसर्जन करने तालाब गया। शाम 4 बजे वापस आकर देखा तो गाड़ी नहीं थी। रिपोर्ट पर थाना रानीतराई में धारा 379 के तहत अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान संदेही आरोपी नागेश यादव (25 वर्ष) निवासी ग्राम भन्सुली को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर बताया कि राम नवमी के दिन वह करेला गया था और रोड किनारे गाड़ी खड़ी हालत में चाबी लगी मिलने से गाड़ी चोरी कर अपने कब्जे में रखा और बिक्री करने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

