
दुर्ग न्यूज, 4 मई। छत्तीसगढ़ में दुर्ग संभाग अंतर्गत बालोद जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। ये सभी एक ही परिवार के लोग हैं, जो शादी समारोह में शामिल होने के लिए बोलेरो से जा रहे थे। रास्ते में ट्रक से बोलेरो की टक्कर हो गई, जिसके चलते मौके पर ही सभी की मौत हो गई। यह हादसा पुरुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के रुद्री थाना क्षेत्र के सोरेम गांव का साहू परिवार कांकेर के चरामा मरकाटोला शादी कार्यक्रम में जा रहा था। ये सभी लोग बुधवार रात को करीब 9:30 बजे के आस-पास नेशनल हाईवे-30 पर बालोद के जगतरा पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने बोलेरो की टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही एक बच्ची, 5 महिला और 4 पुरुष की मौत हो गई जबकि वहीं एक बच्ची घायल है। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर सभी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया है।


इस हादसे के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दु:ख जताया है। उन्होंने देर रात ट्वीट कर लिखा कि ईश्वर दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति एवं उनके परिवारजनों को हिम्मत दे। घायल बच्ची के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

