स्मृति नगर क्षेत्र के सूने मकान से 35 लाख नगद और जेवरात चोरी के मामले का खुलासा, बांग्लादेश मूल के 2 आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार की तलाश जारी, एक का बांग्लादेशी पासपोर्ट जब्त, दूसरा निकला घुसपैठिया

Share this

भिलाई नगर, 3 मई। दुर्ग पुलिस ने बांग्लादेश से घुसपैठ कर भारत में प्रवेश करने और देश के अन्य राज्यों में‌ रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरोह के लगभग आधा दर्जन लोग फरार हैं जिनके लिए फिल्डिंग जमाए दुर्ग पुलिस ने जल्द उन्हें भी पकड़ने का दावा किया है।‌
आपको बता दें कि 7 अप्रैल को सौरभ जैन निवासी स्मृति नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 6 अप्रैल को दोपहर 2 बजे के करीब वो अपनी पत्नी को मायके छोड़ने कादंबरी नगर घर में ताला बंद करके गए हुए थे। रात्रि 11 बजे घर वापस आकर देखा तो कोई अज्ञात व्यक्ति बेडरूम का ग्रील खोलकर आलमारी का लॉक तोड़कर आलमारी मे रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम को चोरी कर ले गया है। पुलिस ने धारा 457 व 380 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया था।
दुर्ग जिले मेें लगातार घटित हो रही नकबजनी की घटनाओं को अत्यंत ही गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ.अभिषेक पल्लव ने आरोपी की शीघ्र पतासाजी कर माल बरामदगी करने हेतु निर्देशित किया था जिसके परिपालन में एसीसीयू व चौकी प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा संदेहियों पर निगाह रखी जा रही थी। आदतन अपराधियों व जेल से रिहा हुए अपराधियों से पूछताछ कर पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे। विशेष सूत्र भी लगाये गये थे, आसपास के मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों का सूक्ष्मता से अवलोकन कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। तकनीकी आधार पर चोरी करने वाला गिरोह बांग्लादेश का होना पाया गया, जिनकी उपस्थिति वर्तमान मे पश्चिम बंगाल के नरेन्द्रपुर थाना क्षेत्रांतर्गत सुनिश्चित हुई। एक विशेष टीम को पश्चिम बंगाल रवाना किया गया। टीम द्वारा पश्चिम बंगाल के नरेन्द्रपुर थाना क्षेत्रांर्गत घूम-घूम कर आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। तभी पता चला कि थाना नरेन्द्रपुर के काली बाजार क्षेत्र मे विगत 15 दिनों से किराये का मकान लेकर कुछ लोग रह रहे हैं। जिसे थाना नरेन्द्रपुर पुलिस की सहायता से रेड कार्यवाही कर घेराबंदी कर पकड़ने में सफलता प्राप्त हुई।
घटना के संबंध में आरोपियों को थाना नरेन्द्रपुर लाकर पूछताछ किया गया, पूछताछ पर आरोपियों द्वारा घटना दिनांक को अपने अन्य साथी रूकन, निषाद, संजीत के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। चोरी की हुई नगदी रकम लगभग 35 लाख रूपये को लेकर रूकन बांग्लादेश चला जाना बताया गया। घटना में प्रयुक्त आलाजरब, मोबाईल एवं बांग्लादेशी सीम कार्ड, पासपोर्ट, आधार कार्ड, नोटबंदी के समय चलित भारतीय नोट कुल 29 हजार 500 रूपये बरामद कर आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया है। न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर 5 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसपी दुर्ग डाक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि आरोपी मोहम्मद हसमत खलीफा उर्फ सुजैन शेख (22 वर्ष) मूल निवासी होसाईपुर थाना राजौर जिला मदारीपुर बांग्लादेश, भारत में किराये का मकान लेकर निवास पता काली बाजार दासपाड़ा थाना नरेन्द्रपुर जिला बरईपुर पश्चिम बंगाल तथा अलताफ हुसैन (35 वर्ष) निवासी दक्षिण विद्यानंदी थाना राजौर जिला मदारीपुर बांग्लादेश और भारत में किराये का हालमुकाम कालीबाजार दासपाड़ा थाना नरेन्द्रपुर जिला बरईपुर पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया है।
5 हजार दे बार्डर का तार काट घुसपैठ, 15 सौ में बनवा लिया आधार कार्ड
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 4 महीने पहले बांग्लादेश से कुछ लोगों ने टूरिस्ट वीजा और बाकियों ने 5 हजार देकर दलाल के माध्यम से बार्डर पर तार काट भारत में प्रवेश किया है और वेस्ट बंगाल में किराये का घर लेकर पंद्रह सौ रूपये में आधार कार्ड भी बनवा लिया है। भिलाई में चोरी कर पांचों आरोपी पश्चिम बंगाल निकल गए और वहां पहुंच 20 फीसदी कमीशन पर चोरी का 35 लाख रूपया बांग्लादेश अपने परिवार और गैंग के अन्य सदस्यों को हवाला भी कर दिया है। इस गिरोह ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग-बिलासपुर के आलावा तकनीकी विश्लेषण के अनुसार खड़गपुर, भूवनेश्वर, सम्बलपुर, गोदिंया, मुबंई में बड़ी चोरियां की हैं।

Share this
READ MORE  कर्नाटक में बीजेपी विधायक के बेटे को 14 दिन की न्यायिक रिमांड