
दुर्ग न्यूज, 19 जून। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित नगर निगम के व्यवसायिक काम्प्लेक्स में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आकर व्यवसायिक परिसर के करीब आठ दुकानें जलकर ख़ाक हो गई है। वहां फंसे लोगों ने काम्प्लेक्स से कूदकर अपनी जान बचाई है। कॉम्प्लेक्स बस स्टैंड के पास ही मौजूद है, जबकि ठीक पीछे प्रेस कॉम्प्लेक्स मौजूद है। भीड़भाड़ वाले इलाके में जैसे ही आग लगी लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक नगर सेना समेत औद्योगिक संस्थानों के दमकल वाहन आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। दमकल कर्मी आग बुझाने के साथ ही कॉम्प्लेक्स में फंसे लोगो को बाहर निकालने के प्रयास में है।खुद को आग से बचाने के लिए कुछ लोगो ने ऊंचाई से छलांग भी लगा दी, इस कोशिश में एक महिला का पैर भी फ्रेक्चर हुआ है। बहरहाल जो तस्वीरें सामने आई है उनमें देखा जा सकता है की पूरा कॉम्प्लेक्स धूं-धूकर जल रहा है। इस आगजनी की घटना में करोड़ों की संपत्ति जलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग किन वजहों से लगी यह अभी पता नहीं चल पाया है।

