भिलाई में भाजयुमो प्रदेश पदाधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का अपराध दर्ज

Share this

दुर्ग न्यूज, 26 जून। भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राहुल परिहार और उसके सहयोगी के खिलाफ जामुल पुलिस ने 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि नेताजी ने सेकंड हैंड कार की खरीदी बिक्री के व्यवसाय में पार्टनर बनाने का झांसा देकर रूपये लिए और फिर वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी है।

जामुल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिलाई की सुंदर विहार कॉलोनी कुरुद रोड निवासी व जामुल इंडस्ट्र‍ियल एरिया में लघु उद्योग संचालक दीपक मदान ने बताया कि राहुल से उसका परिचय बचपन से है और पिछले साल राहुल और उसके सहयोगी खुर्सीपार निवासी रवि मिश्रा ने बताया कि वह सेकंड हैंड गाड़ियां खरीदी-बिक्री का व्यवसाय करते हैं। ज्यादा रूपये नहीं होने से वह इसे आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं जबकि इसमें अच्छी कमाई है। अगर दीपक रूपये लगाए तो अच्छी आमदनी होगी। राहुल की बातों में आकर दीपक ने पिछले वर्ष 30 जून को पहले 3 लाख रुपये और फिर दो और किश्तों में 12 लाख सहित कुल 15 लाख रुपये दे दिए।

दीपक का आरोप है कि रकम लेने के बाद राहुल ने रवि मिश्रा के जरिए एक-एक कर कुल पांच पुरानी कारों को उसके घर के पास लाकर रखवा दिया और बताया कि कार मालिकों ने इन्हें गिरवी रखी है। वे दो से तीन माह में रकम देकर इन्हें ले जाएंगे। बाद में कुछ लोग समूह में आए और कारों को अपना बताकर ले जाने लगे। दीपक ने राहुल से संपर्क किया तो राहुल ने कहा कि वह उसे एक-एक कर रूपये दिलवा देगा और वो इनकी जिम्मेदारी लेता है, उन्हें कार दे-दे नहीं तो ये पुलिस के पास चले जाएंगे। हाथ में आई कारों के यूं चले जाने के बाद दीपक को ठगी होने का एहसास हुआ। इस बारे में जब उसने राहुल से संपर्क कर रूपये लौटाने की बात कही तो राहुल ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। राहुल ने भी अपनी राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए दीपक को धमकी दी।

जामुल टीआई याकूब मेमन ने बताया कि राहुल परिहार व उसके साथी के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी के मामल में अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जिसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

READ MORE  गार्डन में प्रेमी संग पहुंची लड़की ने कहा - जाएं तो जाएं कहां..? प्रेमी ने कहा - "विधायकजी आपने तो OYO भी बंद करवा दिया"
Share this