
दुर्ग न्यूज, 26 जून। दुर्ग भिलाई से विशाखापट्टनम जाकर ऑन लाईन सट्टा महादेव ऐप के पैनल संचालित कर रहे 6 युवकों को आंध्रप्रदेश से पकड़ दुर्ग पुलिस भिलाई लेकर आई है। आरोपियों से एक लेपटॉप, 10 मोबाईल, 3 एटीएम कार्ड, 3 चेकबुक, एक वाई-फाई राऊटर और बहीखाता जब्त हुआ है। एसपी दुर्ग शलभ सिन्हा ने बताया कि सभी आरोपी मधुरवाड़ा विशाखापट्टनम क्षेत्र में रेड्डी अन्ना बुक-186 नाम के ब्रांच संचालन में लिप्त थे, इस ब्रांच को पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। इनसे विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से सट्टे के रूपये का लेने-देन डाटा भी मिला है। बैंक खातों एवं मोबाईल नंबरों के सूक्ष्म विश्लेषण पर और बड़े खुलासे होंगे। इनके अतिरिक्त अन्य राज्यों में उक्त गतिविधि का संचालन करने वाले सटोरियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
डीएसपी सायबर प्रभात कुमार और राजीव शर्मा ने बताया कि यह सफलता एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना पुरानी भिलाई की संयुक्त कार्यवाही से मिली है। दुर्ग जिले में महादेव ऐप ऑन-लाईन सट्टा चलने की सूचना पर ऑनलाईन सट्टा का कारोबार करने वाले संदेहियों पर लगातार निगाह रखी जा रही थी तभी पूर्व में की गयी कार्रवाई के आधार पर महादेव ऐप से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में साक्ष्य एकत्रित किया गया। पुरानी भिलाई में भिलाई के व्यक्तियों द्वारा विशाखापट्टनम में ठिकाना बनाकर ऑन-लाइन सट्टा महादेव एप्प के संचालन की सूचना प्राप्त हुई। थाना प्रभारी पुरानी भिलाई निरीक्षक मनीष शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम विशाखापट्टनम भेजकर मिथिलापुर कॉलोनी मधुरवाड़ा स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर ऑन-लाइन सट्टा रेड्डी अन्ना ब्रांच का संचालन कर रहे 6 आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों को हिरासत में ले वैधानिक कार्यवाही थाना पुरानी भिलाई से की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों में पिंटू राय पिता केपी राय (35 वर्ष) निवासी दक्षिण वसुंधरा नगर पुरानी भिलाई, प्रशांत कोरी पिता अजय कोरी (23 वर्ष) निवासी गणेश नगर रिसाली भिलाई, विकास कुमार साहू पिता भरत लाल साहू (24 वर्ष) निवासी एचएससीएल कॉलोनी रूआबांधा भिलाई, सौरभ जायसवाल पिता गोपाल जायसवाल (23 वर्ष) निवासी सपना टॉकिज के पास पावर हाऊस भिलाई, रोहित रोहरा पिता पंजलदास रोहरा (22 वर्ष) निवासी कादम्बरी नगर दुर्ग और जगदीश कोनाताला पिता संजीव राव (32 वर्ष) निवासी कसीमकोटा, अंकापल्ली जिला विशाखापट्टनम आंध्रा शामिल हैं।

