बीजेपी कार्यकर्ताओं से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत 5 घायल, ड्राइवर को आई झपकी हाईवा से टकराई बस, PM मोदी की सभा में शामिल होने निकले थे

Share this

दुर्ग न्यूज डेस्क, 7 जुलाई। प्रधानमंत्री मोदी की सभा में शामिल होने निकली बस बिलासपुर में सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकराई। इस हादसे में ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बस सूरजपुर जिले से बीजेपी कार्यकर्ताओं को लेकर निकली और बिलासपुर के रतनपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें 2 बीजेपी कार्यकर्ता और बस ड्राइवर शामिल है। विश्रामपुर के शिवनंदनपुर मंडल के भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होने के लिए रायपुर आ रहे थे।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी लग्जरी बस बिलासपुर जिले में अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़े हाईवा से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बस में 40 कार्यकर्ता सवार थे। हादसा सुबह साढ़े 4 से 5 बजे के बीच का बताया जा रहा है। एक्सीडेंट में जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जमदई निवासी सज्जन (30 वर्ष), रूपदेव (55 वर्ष) और बस ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लीलू गुप्ता भाजपा मंडल अध्यक्ष विश्रामपुर सहित 5 कार्यकर्ता घायल हैं। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। हादसा इतना भीषण था कि हाईवा से टक्कर के बाद बस के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को पीएम के लिए भिजवाया तथा घायलों का इलाज बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में जारी है। घायलों ने बताया कि बारिश बहुत तेज हो रही थी। इस बीच ड्राइवर को झपकी आ जाने से इतना बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सभी मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Share this
READ MORE  CM विष्णुदेव आज बालोद जिले के गुंडरदेही दौरे पर