
दुर्ग न्यूज़, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब राजनीतिक पार्टियां अपने प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार रही हैं। इसी बीच आज एक बार फिर कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होने जा रही है। जानकारी के अनुसार, सीएम हाउस में आज दोपहर तीन बजे कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होगी।

इस बैठक में सीएम भूपेश, TS सिंहदेव, प्रभारी कुमारी सैलजा, दीपक बैज, विस अध्यक्ष चरणदास महंत शामिल होंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक के बाद कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की सूची कभी भी जारी कर सकती है। बता दें कि 7 नवंबर को पहले चरणों में 20 सीटों पर मतदान होगा, तो दूसरे चरण में 17 नवंबर को 70 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। वहीं अब लगातार उम्मीदवारों की सूची जारी होना शुरू हो गई है।

