दुर्ग न्यूज़ (दिल्ली), 25 मार्च। शराब घोटाला मामला में कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को छह दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क पर उतर गई है।
दिल्ली कांग्रेस चीफ अरविंदर सिंह लवली ने कहा, ’31 मार्च को INDI गठबंधन दिल्ली में एक बड़ी रैली करेगा, INDI गठबंधन के प्रमुख नेता रैली को संबोधित करेंगे। ये रैली सिर्फ राजनीतिक रैली नहीं होगी, यह रैली भारत के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई का आह्वान होगा।’
‘लोकतंत्र को बचाने के लिए महा रैली’
दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, ‘INDI गठबंधन 31 मार्च को रामलीला मैदान में ‘महारैली’ का आयोजन कर रही है। यह अरविंद केजरीवाल को बचाने के लिए नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। विपक्ष को एकतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है।’
‘महारैली में INDI गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे’
आप नेता और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘रामलीला मैदान एक ऐतिहासिक जगह है। देश के बड़े-बड़े आंदोलन रामलीला मैदान में हुए, आम आदमी पार्टी का उदय रामलीला मैदान से हुआ है। इसमें (महारैली) INDI गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे और देश को, विश्व को संदेश देंगे।’
