

सूर्यापेट। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही एक प्राइवेट ट्रैवल बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे दुर्गापुरम स्टेज के पास हुआ। दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बस में सवार थे 43 यात्री
पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त बस में कुल 43 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख
हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख जताया है। तेलंगाना CMO की ओर से जारी बयान के मुताबिक, प्राइवेट बस कोडाड मंडल के द्वारकुंटा इलाके में एक कंटेनर से टकराई।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को हादसे में घायल सभी लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने निर्देश दिए। प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
