लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति, 15 दिनों में ज्वाइनिंग अनिवार्य

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

रायपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं। इनमें 101 उप अभियंता (सिविल) और 10 उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) शामिल हैं। प्रमुख अभियंता कार्यालय की ओर से नियुक्ति के साथ ही सभी चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

नियुक्ति आदेश के अनुसार चयनित उप अभियंताओं को आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर संबंधित पदस्थापना कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर ज्वाइन करना होगा। निर्धारित अवधि में उपस्थित नहीं होने पर नियुक्ति स्वत: निरस्त मानी जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट से प्रकरण के निराकरण के बाद तेजी से पूरी हुई प्रक्रिया

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में उप अभियंता (सिविल) के 118 और उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) के 10 पदों पर भर्ती के लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने अप्रैल 2025 में लिखित परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद जुलाई 2025 में व्यापम की मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण और पदस्थापना विकल्प के लिए काउंसलिंग की गई थी।

हालांकि, उच्चतम न्यायालय में दायर प्रकरण के कारण नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। उच्चतम न्यायालय द्वारा 20 अगस्त 2026 को प्रकरण का निराकरण किए जाने के बाद उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने तेजी से प्रक्रिया पूरी की।

इसके बाद 22 अगस्त को प्रथम चरण में अनुशंसित चयन सूची के अनुसार 101 सिविल उप अभियंताओं और 10 विद्युत/यांत्रिक उप अभियंताओं के पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए।

जल जीवन मिशन के कार्यों को मिलेगी गति

READ MORE  भाजपा प्रवक्ता के फॉर्महाउस में खून से लथपथ मिली बुजुर्ग की लाश, इलाके में सनसनी

उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने एक साथ बड़ी संख्या में युवा इंजीनियरों की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवा इंजीनियरों की नियुक्ति से विभागीय कार्यों, विशेषकर जल जीवन मिशन से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय से प्रकरण के निराकरण के तत्काल बाद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर पदस्थापना आदेश जारी किए गए हैं। युवा इंजीनियरों की तकनीकी दक्षता और ऊर्जा का लाभ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मिलेगा।

ज्वाइनिंग के समय मूल दस्तावेज लाना जरूरी

विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों को पदस्थापना कार्यालय में उपस्थिति के समय आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, स्थायी जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, सक्षम मेडिकल बोर्ड का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र शामिल हैं।

इसके अलावा मूल तकनीकी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र के साथ कक्षा 10वीं की अंकसूची, जिसमें जन्मतिथि अंकित हो, अथवा मूल जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।

Share this