
दुर्ग न्यूज़, 16 मार्च। पेंशन तथा ग्रेच्युटी संबंधी व अन्य समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ के अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों के सेवानिवृत प्राध्यापकों के संघ के एक प्रतिनिधि मंडल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ रमन सिंह तथा प्रदेश के वित्त मंत्री ओमप्रकाश चौधरी से भेंट की तथा उन्हें अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधि अध्यापकों ने उन्हें अवगत कराया कि वे छठवें या सातवें वेतनमान में सेवानिवृत हुए हैं किंतु उन्हें पांचवें या छठवें वेतनमान के आधार पर पेंशन का भुगतान हो रहा है। दुखद स्थिति यह है कि पांचवें, छठवें व सातवें वेतनमान प्राप्त सेवानिवृत्त प्राध्यापकों को चौथे वेतनमान के आधार पर ग्रेच्युटी का भुगतान किया गया है। साथ ही यह भी अवगत कराया कि डीए फ्रीज होने के कारण उनकी पेंशन में कोई वृद्धि नहीं हो पाने से वे वयोवृद्ध अवस्था में आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने पेंशन व ग्रेच्यूटी के भुगतान में जो विसंगतियां हैं उन्हे यथाशीघ्र समाप्त कर न्याय दिलाने का अनुरोध किया।

प्रतिनिधिमंडल में प्रादेशिक संघ के अध्यक्ष डॉ हरिनारायण दुबे, महासचिव डॉ डीएन शर्मा, डॉ जीके गोस्वामी व प्रो वाईपी पटेल शामिल थे।

