
दुर्ग न्यूज़, 8 जून। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में तीन जवान घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया।

अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर स्थित मुंगेडी और गोबेल क्षेत्र में भेजा गया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल के जवान शुक्रवार को जब गोबेल क्षेत्र में थे तब नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ओर से दिन भर रूक-रूककर गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने सात नक्सलियों के शव बरामद किये हैं।साथ ही बड़ी संख्या में नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। इधर सुरक्षा बल के तीन जवान भी घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ के साथ ही इस वर्ष अब तक राज्य में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 125 नक्सली मारे जा चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक, 23 मई को नारायणपुर-बीजापुर अंतर-जिला सीमा पर जंगल में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए थे, जबकि 10 मई को बीजापुर जिले में 12 नक्सली मारे गए थे। पुलिस ने बताया कि 30 अप्रैल को नारायणपुर और कांकेर जिलों की सीमा पर जंगल में हुई मुठभेड़ में तीन महिलाओं समेत दस नक्सली मारे गए थे और 16 अप्रैल को कांकेर जिले में हुई मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे।
