


रायपुर। राजधानी रायपुर में बड़े कंस्ट्रक्शन कारोबारी के दफ्तर के सामने फायरिंग किसी और ने नहीं बल्कि मयंक सिंह गैंग ने ही की थी। मयंक सिंह गैंग ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर इसकी जिम्मेदारी ली है। गैंगस्टर मयंक सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि हम कारोबारी और उसके कर्मचारियों से बाद में निपटेंगे। सबसे पहले उस कंपनी में काम करने वाले स्टाफ और अधिकारियों के घर-परिवार वालों को तत्काल यमराज के दरवाजे तक पहुंचाने का काम करेंगे। मयंक सिंह ने लिखा है कि अमन साहू गैंग से मेरा पूर्व में रिश्ता अच्छा रहा है, लेकिन अब मैं अमन साहू और उसके गिरोह के भरोसे नहीं बैठे रहने वाला हूं। बता दें कि बीते दिनों राजधानी रायपुर के एक कारोबारी के दफ्तर के सामने गोलियां चलाई थी। इस घटना का सीसीटीवी फूटेज भी सामने आया था। दोनों युवक मुंह पर मास्क लगाकर आए थे। वारदात के बाद भागते हुए कैमरे में तस्वीरें कैद हुई हैं। वारदात में उपयोग में लाई गई बाइक जब्त कर ली गई है। आरोपियों के स्टेशन से गुजरने के फुटेज भी मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई थी कि वारदात में लॉरेंस विश्नोई और अमन साहू गैंग का हाथ है, लेकिन अब मयंक सिंह गैंग ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है।

