
रायगढ़20 मिनट पहले

- कॉपी लिंक

रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार पिकअप के पलट जाने से 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं कई अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को पुसौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पिकअप चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने सरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कोर्रा के रहने वाले 35-40 ग्रामीण एक पिकअप में सवार होकर सराईपाली जा रहे थे। ढाई बजे के आसपास गाड़ी पुसौर ब्लॉक के त्रिभौना पहुंची। यहां ड्राइवर वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और पिकअप वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे में 2 महिलाओं को गंभीर रूप से चोट लगी है।

तेज रफ्तार पिकअप वाहन हादसे का शिकार।
दोनों घायल महिलाओं को पुसौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वाहन में सवार बाकी लोगों को भी चोटें आई हैं, उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया। ग्रामीणों के सूचना देने पर पुसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जांच की जा रही है। वहीं पिकअप चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। घायलों ने बताया कि ड्राइवर की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है। वहीं गाड़ी की रफ्तार भी काफी तेज थी।

पिकअप वाहन पलटा।
प्रदेश में लगातार सड़क हादसे, BJP प्रदेश अध्यक्ष साव के काफिले की गाड़ी भी पलटी
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के काफिले में लगी पायलट गाड़ी गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात सरगुजा जिले में हादसे का शिकार हो गई। हादसा उदयपुर के खरफरी नाले का पास हुआ। जिसमें गाड़ी में सवार एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई, वहीं 3 लोग घायल हो गए, जिसमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र की है।

BJP प्रदेश अध्यक्ष साव के काफिले की गाड़ी पलटी।
अरुण साव अंबिकापुर में होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए बिलासपुर से सरगुजा के लिए रवाना हुए थे। हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गाड़ी में ड्राइवर समेत 4 पुलिसकर्मी सवार थे। इसमें प्रधान आरक्षक रविशंकर प्रसाद (55 वर्ष) की मौत हो गई है। वहीं पुलिस आरक्षक रामदेव प्रसाद (44 वर्ष) के कंधे, आरक्षक प्रदीप (29 वर्ष) के हाथ, पैर और कमर और ड्राइवर अनिल पैकरा (32 वर्ष) को सीने, गले और कमर में चोट लगी है। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया।

वाहन हादसे का शिकार।
बालोद में भी हादसा
बालोद शहर में भी गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। संजय गावड़े (45 वर्ष) नाम का शख्स सड़क किनारे अपने दोस्त का इंतजार कर रहा था। तभी दल्लीराजहरा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला बालोद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, संजय पेट्रोल पंप के पास अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े होकर अपने साथी का इंतजार कर रहा था, लेकिन ट्रक उसे कुचलते हुए आगे बढ़ गया। नया बस स्टैंड और घटनास्थल के आसपास खड़े लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बालोद थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल संजय को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत व्यक्ति गंगा मैय्या किराया भंडार में काम करता था। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
कोरबा में माजदा ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, एक की मौत
कोरबा जिले में 14 जनवरी को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, वहीं 2 लोग घायल हुए। बताया गया कि यहां माजदा वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हादसे के बाद माजदा वाहन का चालक केबिन में ही फंस गया था। हादसा मोरगा चौकी क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार 2 युवक शनिवार को कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग होकर कहीं जा रहे थे। ये अभी मदनपुर घाट के पास पहुंचे थे। तभी यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर ही दीपक चंदन किस्पोट्टा (40) की मौत हो गई थी। वहीं उसके साथ बैठा चरण सिंह बुरी तरह घायल हो गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
