


दुर्ग। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के लोहारीडीह में हुए हिंसा में गिरफ्तार आरोपी प्रशांत साहू की जेल में मौत हो गई थी। इस घटना से प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। इस बीच अब दुर्ग केंद्रीय जेल में एक और विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत हो गई, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गांजा बेचने के मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत युवक सुंदर जाल को पाटन थाना पुलिस ने एक साल पहले गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सुंदर जाल को कोसानगर से पकड़ा था। जिसकी आज दुर्ग सेंट्रल जेल में अचानक मौत हो गई। मृतक आरोपी के परिजनों ने मामले में जांच की मांग करते हुए जेल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि जेल में मारपीट से उसकी मौत हुई है।

वहीं मामले में जेल प्रबंधन ने बताया कि कैदी की स्वाभाविक मौत हुई है। जेल अधीक्षक ने परिजनों को बताया कि सुंदर जाल के अचेत होकर गिरने के कारण उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
