ओडिशा-छत्तीसगढ़ के महानदी जल विवाद का स्थायी हल निकाले केंद्र सरकार – अमित जोगी

Share this

० केंद्र, ओडिशा और छत्तीसगढ़ राज्यों में भाजपा की सरकार, महानदी विवाद को सुलझाएं

० छत्तीसगढ़ की जीवन रेखा है महानदी, इस पर छत्तीसगढ़ का पहला अधिकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की एकमात्र मान्यता प्राप्त क्षेत्रीय राजनीतिक दल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने महानदी के पानी के उपयोग को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ में वर्ष 1983 से लगभग 40 साल पुराने जल विवाद पर कहा अब केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की मोदी सरकार है वही छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी भाजपा की सरकारें हैं। छत्तीसगढ़ की जीवन रेखा महानदी जो छत्तीसगढ़ की सिहावा नगरी से निकलकर ओडिशा के हीराकुंड डैम और समुद्र तक जाती है। इस पर दशकों से जल विवाद चल रहा है, इसके स्थायी हल निकालने का यह सुनहरा अवसर है।

अमित जोगी ने कहा छत्तीसगढ़ में महानदी का खेती- किसानी से लेकर उद्योग और अर्थव्यवस्था में महती भूमिका है लेकिन हीराकुंड बांध से छत्तीसगढ़ को न पानी मिलता है और न ही बिजली जो छत्तीसगढ़ के साथ अन्याय है जबकि महानदी पर पहला अधिकार छत्तीसगढ़ का है। अमित जोगी ने कहा बीते 40 वर्षों के भीतर यह पहला अवसर जब केंद्र में और दोनों राज्य ओडिशा और छत्तीसगढ़ में एक ही दल, भाजपा की सरकारें हैं। ऐसे में भाजपा चाहे तो 4 दशक पुराने इस महानदी जल विवाद का स्थायी समाधान कर सकती है।

अमित जोगी ने कहा, मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करता हूं कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच महानदी का जल विवाद वर्षों पुराना है। छत्तीसगढ़ की साढ़े तीन करोड़ जनता की हित के लिए इस विवाद का शीघ्र निपटारा किया जाना अत्यंत आवश्यक है, इस संदर्भ में ठोस कदम उठाकर सरकार महानदी जल विवाद का स्थायी समाधान कर छत्तीसगढ़ को अपना अधिकार दिलाएं।

READ MORE  ढाई करोड़ की अवैध शराब पर पुलिस ने चलाया बुलडोजर
Share this