


हर महीने की पहली तारीख को देश में बहुत कुछ बदलता है और इस बार भी 1 अक्टूबर 2024 से देश में कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इसके तहत जहां पहली तारीख से LPG Cylinder के दाम बढ़ गए हैं, तो वहीं आधार कार्ड, PPF, सुकन्या समृद्धि योजना समेत इनकम टैक्स से जुड़े कई नियम बदलने जा रहे हैं।

1 अक्टूबर यानी आज से देशभर में आधार कार्ड, PPF, सुकन्या समृद्धि योजना समेत इनकम टैक्स जैसे नियम बदलने जा रहे हैं। इन बदलावों का असर सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है। पहली तारीख को पहला झटका एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर लगा है। दरअसल, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अक्टूबर के पहले दिन 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ा दिए हैं।
19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 48 रुपए महंगा हो गया है। वहीं, PPF और सुकन्या अकाउंट से जुड़े नियमों में बदलाव हुआ है। पैन कार्ड बनवाने से जुड़े नियम भी बदले गए हैं। इसके अलावा एविएशन फ्यूल के दाम घटने से हवाई सफर सस्ता हो सकता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों को 6,099 रुपए प्रति किलोलीटर (1000 लीटर) तक घटा दिया है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा
48 रुपए दाम बढ़े, घरेलू सिलेंडर की कीमतों में बदलाव नहीं हुआ है।आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 48.50 रुपए तक महंगा हो गया है।
हालांकि, 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
हवाई सफर सस्ता हो सकता है
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने महानगरों में एयर ट्रैफिक फ्यूल (ATF) की कीमतों को घटाया है। इससे हवाई सफर सस्ता हो सकता है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली में ATF 5883 रुपए सस्ता होकर 87,597.22 रुपए प्रति किलोलीटर (1000 लीटर) हो गया है। वहीं, कोलकाता में ATF 5,687.64 रुपए सस्ता होकर 90,610.80 रुपए प्रति किलोलीटर हो गया है। मुंबई में ATF 87,432.78 रुपए प्रति किलोलीटर मिल रही थी, ये अब 5,566.65 रुपए सस्ता होकर 81,866.13 में मिलेगा। चेन्नई में ATF के दाम 6,099.89 रुपए घटे हैं। ये अब 90,964.43 रुपए प्रति किलोलीटर में मिल रहा है।
PPF अकाउंट के बदले नियम, नाबालिगों को अलग ब्याज
आज से PPF अकाउंट से जुड़े नियमों में बदलाव हो गया है। नए नियमों के अनुसार यदि कोई PPF खाता नाबालिग के नाम पर है तो 18 साल का होने तक पोस्ट ऑफिस सेविंग्स अकाउंट की ब्याज दर लागू होगी। खाताधारक के 18 साल का होने के बाद ही खाते पर PPF की मौजूदा ब्याज दर लागू होगी। खाते के मैच्योरिटी पीरियड का कैलकुलेशन उसी तारीख से किया जाएगा।
वहीं, अगर किसी के पास एक से ज्यादा PPF खाते हैं तो एक बेसिक मेन खाते पर ब्याज दर का पेमेंट होगा। अगर मेन खाते में तय निवेश सीमा (1.5 लाख) से कम अमाउंट है तो दूसरे खाते की राशि पहले में मर्ज कर दी जाएगी। इस मर्जर के बाद आपको कुल रकम पर PPF की ब्याज दर के अनुसार ब्याज दिया जाएगा। हालांकि, दोनों अकाउंट की कुल रकम मिलाकर 1.5 लाख रुपए से ज्यादा नहीं होगा चाहिए।
सुकन्या समृद्धि योजना खाता सिर्फ कानूनी अभिभावक ही खोल सकेंगे
केंद्र सरकार द्वारा खासतौर पर बेटियों के लिए संचालित सुकन्या समृद्धि योजना से जुड़ा एक बड़ा बदलाव किया गया है। इसके तहत अब से बेटियों के सिर्फ कानूनी अभिभावक ही उनके नाम पर ये अकाउंट खोल सकेंगे और चला सकेंगे।
अगर किसी लड़की का सुकन्या अकाउंट ऐसे व्यक्ति के द्वारा खोला गया है, जो उसके लीगल पेरेंट्स (कानूनी अभिभावक) नहीं है तो उसे ये खाता लीगल पेरेंट्स को ट्रांसफर करना होगा। ऐसा नहीं करने की स्थिति में उस अकाउंट को बंद किया जा सकता है।
पैन के लिए नियम बदले
अब से इनकम टैक्स भरने या पैन कार्ड बनवाने के लिए आधार नंबर की जगह आधार नामांकन आईडी का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। इस बदलाव का उद्देश्य पैन नंबर के दुरुपयोग को रोकना है। इसके साथ ही इससे किसी व्यक्ति के एक से ज्यादा पैन कार्ड बनाने पर भी लगाम लगेगी।
