
बीजापुर14 मिनट पहले

- कॉपी लिंक

ग्रामीणों ने घायलों की तस्वीर जारी की है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में कैंप का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर एक बार फिर से पुलिस ने लाठियां बरसाई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि, पुलिस की इस कार्रवाई से 50 से ज्यादा ग्रामीण घायल हुए हैं। जिनमें 18 छात्र भी शामिल हैं। गांव वालों ने घायल ग्रामीणों की तस्वीरें भी जारी की हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि, आंदोलन स्थल से जवानों ने गांव वालों को खदेड़ दिया है। अब ग्रामीण घर जाने की बजाए इलाके के जंगल में ही कहीं डेरा जमाए बैठे हुए हैं। फिर से आंदोलन स्थल जाने रणनीति बनाई जा रही है।

दरअसल, जिले के धुर नक्सल प्रभावित बुरजी-पुसनार गांव में पुलिस कैंप के विरोध में ग्रामीण पिछले सालभर से लगातार आंदोलन कर रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि, बिना ग्रामसभा की अनुमति से पुसनार में सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित कर दिया गया है। चौड़ी सड़कें बनाई जा रही है। किसानों के खेत बर्बाद किए जा रहे हैं। गांव वालों की मांग है कि, पुसनार में स्थापित पुलिस कैंप को जल्द से जल्द हटाया जाए। साथ ही इलाके में जितने भी निर्माण काम हो रहे हैं उसे भी बंद किया जाए।

घायल ग्रामीण।
ग्रामीणों का मानना है कि, पुलिस कैंप से उनकी परेशानी और बढ़ती जाएगी। फोर्स गांव में घुसेगी। फर्जी नक्सल मामले में ग्रामीणों को पकड़कर जेल में डाल दिया जाएगा। हालांकि, ग्रामीणों ने कैंप के बदले स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल बनाने की मांग की है। इधर, अफसरों का कहना है कि, अंदरूनी इलाकों में सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित होने के बाद ही सारे विकास के काम किए जाएंगे। इस संबंध में बीजापुर SP आंजनेय वार्ष्णेय ने पिटाई करने की बात को नकारा है। उन्होंने कहा कि, ग्रामीण अब भी वहीं बैठे हुए हैं।

जंगल में मौजूद हैं ग्रामीण।
ऐसे हुई पिटाई
- दिसंबर के महीने में ग्रामीणों की ज्यादा भीड़ आंदोलन स्थल पर जुटने लगी थी। ग्रामीणों ने ऐसा आरोप लगाया कि, पुलिस देर रात अचानक आंदोलन स्थल पर पहुंच गई थी। आंदोलनकारियों के तंबू को उखाड़कर फेंक दिया गया था। गांव वालों को पीटा भी था। एक महीने के अंदर की यह पहली घटना थी।
- जनवरी 2023 के दूसरे सप्ताह में पुसनार, बुरजी, हिरोली, समेत अन्य गांव के सैकड़ों ग्रामीण फिर से राशन, कपड़ा, बर्तन लेकर आंदोलन स्थल पर जाने के लिए निकले थे। लेकिन, बीच रास्ते से ही पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया था। उस समय भी ग्रामीणों ने तस्वीरें जारी कर पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया था। हालांकि, बीजापुर के SP ने पिटाई की बात को नकार दिया था।
- दूसरी बार जब ग्रामीणों को खदेड़ा गया था तो वह घर लौटने की बजाए इलाके के जंगल में ही अपना डेरा जमाए हुए थे। फिर धीरे-धीरे कर आंदोलन स्थल पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, 19 जनवरी को पुलिस जवानों ने फिर से ग्रामीणों की पिटाई की। उन्हें फिर से खदेड़ा है। गांव वालों ने तस्वीरें जारी कर पुलिस पर लाठी चार्ज करने का आरोप लगाया है। फुंडरी में विरोध प्रदर्शन करते गांव वाले।
पुल निर्माण के विरोध में भी जारी है आंदोलन
बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण का काम चल रहा है। इस पुल निर्माण काम का विरोध करने नदी पार के 11 से ज्यादा गांव के ग्रामीण राशन, बर्तन लेकर फुंडरी गांव में इकट्ठा हुए हैं। 7 सूत्रीय मांगों को लेकर गांव वालों का प्रदर्शन जारी है। ऐसा बताया जा रहा है कि, करीब 11 गांव पूरा खाली हो गया है। भारी संख्या में महिला, पुरुष, समेत बच्चे भी विरोध प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे हुए हैं। सैकड़ों ग्रामीणों ने रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया है।
