


पुलिस भर्ती रद्द, घोटाले में एक और गिरफ्तारी, जांच में तेजी
० बीस हजार देकर बढ़वाए नंबर

राजनांदगांव। पुलिस आरक्षक भर्ती में गड़बड़ी सामने आने तथा भर्ती के दौरान ही प्रक्रिया से जुड़े आरक्षक द्वारा आत्महत्या कर लेने के बाद भर्ती रद्द कर दी गई है। इस संबंध में सीएम विष्णु देव साय ने निर्देश दिए। जिस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने भर्ती प्रक्रिया रोक दी है।
इधर मामले में कार्रवाई का सिलसिला जारी है। पुलिस ने एक और महिला अभ्यर्थी मीना पात्रे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि मीना ने ₹20,000 का लेनदेन कर भर्ती प्रक्रिया में अपने अंक बढ़वाए थे।
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें 2 महिला आरक्षक, 2 पुरुष आरक्षक, 2 तकनीकी टीम सदस्य और 1 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा ?
एएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि महिला अभ्यर्थी मीना पात्रे ने तकनीकी टीम और पुलिस स्टाफ के साथ मिलकर अपने अंकों में गड़बड़ी करवाई। पुलिस को इस संबंध में पुख्ता सबूत मिले, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल चैटिंग, मैसेज और गवाहों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है। गड़बड़ी का खुलासा होने के बाद सख्ती बढ़ती जा रही है।
