
कांग्रेस विधायक ने दी चक्काजाम की चेतावनी
रायपुर। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र की मुड़िया मोहरा की हेमलता वर्मा (23) पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के हास्टल से रहस्यमय तरीके से गायब है। वह एमएससी फाइनल की स्टूडेंट है। हेमलता हॉस्टल के कमरे से 7 दिसंबर से गायब है। परिजनों को इसकी सूचना 10 दिसंबर को मिली। जिसके बाद परिजनो ने सरस्वती नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। परिजनों ने बताया कि छात्रा के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। जब दरवाजा तोड़ा गया तो बाहर दरवाजे की चाबी कमरे के भीतर मिली। एमएससी की छात्रा के हॉस्टल से लापता होने पर शुक्रवार को छात्रा के परिजन और डोंगरगढ़ की विधायक हर्षिता बघेल ने थाने के सामने धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान परिवार वालों ने हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। सरस्वती नगर पुलिस पर आरोप है कि गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर केस की गंभीरता को कम कर दिया। पुलिस का कहना है कि गुमशुदा लड़की की तलाश की जा रही है। कोई भी ठोस जानकारी अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
छात्रावास के वार्डन पर गंभीर आरोप
छात्रा के पिता भोजराम वर्मा ने बताया कि 7 दिसंबर को उसकी बेटी ने घर फोन किया था। बाद में शाम को जब उन लोगों ने काल किया तो बेटी का फोन स्विच ऑफ आया। शंका होने पर 10 दिसंबर को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल पहुंच कर अपनी बेटी के बारे में पता किया तो हॉस्टल वार्डन ने कहा कि फोन करो भीतर होगी आ जाएगी।
उन्होंने वार्डन को बताया कि कमरा बाहर से बंद है, ताला लगा है। बाद में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया. बेटी का जो भी सामान था वो सब कमरे में है। उसका बैग, चश्मा, मोबाइल फोन सभी पलंग पर रखे हैं।फोन को भी फॉर्मेट कर दिया गया था। फोन से सिम कार्ड भी गायब मिला। पुलिस ने केवल गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि पुलिस मामले को रफा दफा करने में जुटी है।
डोंगरगढ़ से कांग्रेस विधायक हर्षिता बघेल ने कहा कि अगर किसी हॉस्टल से लड़की कहीं जाती है या गायब हो जाती है तो इसकी पूरी जवाबदारी हॉस्टल वार्डन और केयरटेकर की है। वार्डन और केयर टेकर के रहते हुए भी घटना कैसे हुई इसकी जांच होनी चाहिए, जवाबदारी तय होनी चाहिए। कांग्रेस विधायक ने हॉस्टल में अटेंडेंस रजिस्टर चेक किए जाने की मांग की। विधायक ने कहा कि छात्राओं से भी पूछा जाए कि आखिर लड़की कहां और कैसे गायब हुई है।
हॉस्टल से लड़की 20 दिन से गायब है और पुलिस की जांच में अब तक कुछ भी सामने नहीं आया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस मामले में कोई ठोस कार्यवाही या पहल नहीं करती है, तो दो दिनों के बाद थाने के सामने परिजनों के साथ पार्टी के लोग चक्का जाम करेंगे।
सीएसपी, आजाद चौक अमन जा ने कहा है कि लड़की का मोबाइल हॉस्टल के कमरे में मिला और वह पूरी तरह से फॉर्मेट हो गया है। उसमें से सिम भी गायब है। इस पूरे मामले में पुलिस टेक्निकल एविडेंस की भी जांच कर रही है। जिससे कुछ सुराग मिलने की संभावना है। पुलिस हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं के साथ ही आसपास के हॉस्टल के छात्राओं से भी पूछताछ कर रही है।
