
गरियाबंद। गरियाबंद के राजिम थाना में बीते 19 दिसंबर को प्रार्थी संतोष देवांगन द्वारा प्रस्तुत लिखित आवेदन में राजाराम तारक, शरदचंद्र वर्मा, कमलेश साहू, यशवंत नाग एवं अरूण द्विवेदी के द्वारा ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी में अधिक लाभांश देने की लालच देकर रूपये की धोखाधड़ी करने एवं गबन करने की शिकायत मिली। राजिम पुलिस ने अपराध क्रमांक 408/2024 धारा 420, 34 भादवि कायम कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान यह भी पता चला कि उक्त ट्रेड एक्सपो यूएसए कंपनी के मुख्य सरगना अरूण द्विवेदी के खिलाफ सीआईडी रांची झारखण्ड के 11 लोगों से 4 करोड़ 66 लाख 99 हजार 820 रूपये की धोखाधडी करने का अपराध पंजीबद्ध हुआ है। छत्तीसगढ़ एवं झारखण्ड के लोगों से मिली अब तक की जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के 94 लोगों से 5 करोड़ 53 लाख 73000 रुपए एवं झारखण्ड के 11 लोगों से 4 करोड़ 66 लाख 99 हजार 820 रूपये कुल 10,20,72,820 (दस करोड़ बीस लाख बहत्तर हजार आठ सौ बीस रूपये) जमा कराकर छलपूर्वक बेईमानी करने की नीयत से आरोपीगण द्वारा उक्त धनराशि का गबन किया गया है। मामले में 409 भादवि की धारा भी जोड़ी गई। प्रकरण में विवेचना दौरान आरोपीगण के बैंक खातों का डिटेल लेकर विस्तृत पूछताछ की गयी।
आरोपियों द्वारा कम समय में निवेश को दोगुना करने का लालच देकर फर्जी प्लेटफार्म पर अकाऊंट बनाया जाता था। जिसमें प्रतिदिन के हिसाब से ब्याज दिखाकर भरोसा दिलाया जाता था। किन्तु निवेशक मूल रकम या ब्याज कुछ भी निकालने में असमर्थ रहे। इसी कारण ये धोखाधड़ी उजागर हुई। प्लेटफार्म पर बने अकाऊंट में ट्रेड डॉलर में किया जा रहा था। जो कि फर्जी तरीके से बने बैंक अकाऊंट से लिंक थे।
प्रकरण में पूर्व के आरोपीगण 1) शरदचंद्र शर्मा पिता स्व रिपुदमन शर्मा उम्र 50 वर्ष, वुड आईलैंड कॉलोनी अमलेश्वर जिला दुर्ग, 2) यशवंत कुमार नाग पिता स्व परसराम नाग उम्र 45 वर्ष, पीपरछेड़ी थाना राजिम जिला गरियाबंद, 3) कमलेश साहू पिता गोरेलाल साहू उम्र 34 वर्ष, नयापारा उजियारपुर थाना लालपुर जिला मुंगेली हाल मुकाम वार्ड नम्बर 1 श्यामा प्रसाद मुखर्जी भाठापारा थाना भाटापारा जिला बलौदाबाजार, को गिरफ्तार कर पूछताछ किया गया। जिसमें उन्होने अरूण द्विवेदी एवं अन्य आरोपी के साथ अपराध करना स्वीकार किया। जिसके पश्चातू तीनों आरोपीगण को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। प्रकरण में फरार मुख्य आरोपी अरूण द्विवेदी को 23 दिसंबर को रीवा (म.प्र.) से गिरफ्तार किया गया। इस प्रकरण में अब तक चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। अन्य फरार आरोपी की पतासाजी की जा रही है।
