नववर्ष का स्वागत: शिवनाथ की महाआरती, 51 हजार दीपदान 

Share this

नववर्ष का स्वागत: शिवनाथ की महाआरती, 51 हजार दीपदान

दुर्ग न्यूज। न‌ए साल के पहले दिन शिवनाथ महोत्सव,बनारस की तर्ज पर मनेगा। महमरा तट 51 हजार दीयों से सजेगा। साल के प्रथम दिन महमरा एनीकेट पर होने वाले शिवनाथ महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है। बता दें कि 22 वर्षों तक लीज पर रही शिवनाथ नदी के लीज मुक्त होने के बाद विगत 4 वर्षों से यह आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का यह पांचवां वर्ष है, साल के प्रथम दिन होने वाले इस आयोजन में सुबह से ही मेला उत्सव आरम्भ हो जाता है। हजारों लोग इसमें शिरकत करते हैं, इस बार भी आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। आयोजक वरुण जोशी ने बताया कि दुर्ग में यह पहल पवित्र नदी को स्वच्छ और उसके प्रति लोगों को जागरूक करने आयोजन कर रहे हैं। शिवनाथ नदी 22 वर्षों तक लीज पर रही, शायद यह देश की पहली नदी होगी जिसके आजाद होने की खुशी पूरे जिलेवासी मनाएं हमारी मंशा यही है। इसबार नदी के तट पर आने वाले सभी वर्गों का हमनें ध्यान रखा है बच्चों को लिए जंपिंग और झूले लगाएं जा रहे हैं। 360 वीडियो कैमरा भी लगाया जा रहा है। आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे जिससे यहां आने वाले पर्यटक साल के प्रथम दिन के अनुभव को अपने कैमरे सदैव के लिए संजोए रखने में समर्थ हों, इसके साथ ही संगीत प्रेमियों के लिए ऑर्केस्ट्रा रखा गया है। इस बार शिव पार्वती मंदिर को बस्तर पैटर्न में सजाया और पूजा जाएगा। संध्या बेला 51,000 दीपदान किए जाएंगे। साथ ही बनारस और हरिद्वार की तर्ज पर 11 पंडितों द्वारा विधि विधान से महाआरती की जाएगी। वरुण जोशी ने कहा संध्या की महाआरती को देखने दुर्ग ही नहीं बल्कि आस पास के जिलों सहित ओडिशा और महाराष्ट्र से भी भक्त आते हैं।उनकी गाड़ियों के लिए पार्किंग शिवनाथ मुक्तिधाम के पहले द्वार में की गई है। आयोजन की समाप्ति नागपुर की टीम द्वारा इलेट्रॉनिक आतिशबाजी से की जाएगी जो कि दर्शनार्थियों के लिए अद्भुत अनुभव होगा।

Share this
READ MORE  जल जगार महोत्सव: सीएम साय ने किया 108 संरचनाओ से एकत्रित जल से अभिषेक, महाआरती की