
जशपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 35 लाख का गांजा पकड़ा, यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार
जशपुर। तपकरा पुलिस को मुखबीर द्वारा सूचना मिली कि एक मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक MP09CM-8238 से दो व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर तपकरा, घुमरा, बनडेगा मार्ग से होते हुए उत्तरप्रदेश की ओर बिक्री करने के उद्देश्य से ले जा रहे हैं। बैपर थाना प्रभारी तपकरा उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर द्वारा मुखबीर की सूचना के सम्बन्ध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर थाना तपकरा व थाना फरसबाहार की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मुखबीर की सूचना के आधार पर तपकरा, घुमरा, बनडेगा मार्ग में तत्काल नाकाबंदी की गई। वाहनों को चेक किये जाने के दौरान मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक MP09CM-8238 आता दिखाई दिया, जिसे नाकाबंदी कर रोक कर तलाशी लेने पर ड्राइवर के बगल वाली सीट के नीचे 7 पैकेट, पीछे की सीट के नीचे से 11 पैकेट व कार के पीछे डिक्की से 28 पैकेट इस प्रकार कुल 46 पैकेट, भूरे रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटा हुआ गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे का कुल वजन 1 क्विंटल के करीब है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 35 लाख रु है।
कार से गांजे के तस्करी कर रहे आरोपियों क्रमशः सूरज गौतम पिता धीरन बलीराम गौतम उम्र 19 वर्ष निवासी मुशीलाठपुर थाना भदोही जिला भदोही (उत्तरप्रदेश) तथा शिवम गुप्ता पिता वालेश गुप्ता उम्र 23 वर्ष निवासी सहरमा, दुर्गागंज थाना बरसठी जिला जौनपुर (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। साथ ही तस्करी के लिए प्रयुक्त कार, आरोपियों के मोबाइल को भी पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया।
आरोपियों के विरुद्ध थाना तपकरा में 20(ख)ii(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही की जा रही है।
